संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में कैदियों से वार्तालाप कर उनकी शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने महिला कैदियों को दी जा रही सुविधाओं के साथ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
रेनू भाटिया ने जेल में बंद नशा तस्करी की आरोपी महिलाओं को लेकर चिंता भी जाहिर की। जिला जेल में इस समय करीब 50 महिला बंदी हैं। चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि यह बहुत ही अफसोस की बात है कि बहुत सी महिला कैदी नशा तस्करी के केस में बंद है। ऐसी महिला बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आयोग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि जब भी ये बाहर निकले तो समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और दोबारा अपराध की ओर न जाएं। इस संबंध में उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक के साथ बातचीत की गई है और जल्द ही इस दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक कैदियों को नशा से मुक्त करने व अपराध से दूर करने की दिशा में बेहतर प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए कैदियों को खेल, कुकिंग, पैकिंग आदि कार्य जोड़ा जा रहा है, जोकि बहुत ही सराहनीय पहल है। महिलाओं के मामले में ऐसी कई महिला बंदी है, जिन्हें उनके परिवार या सगे संंबंधी नहीं अपना रहे। ऐसे में ये महिलाएं अपराध की दिशा में चली जाती है। इसके लिए हमने महिलाओं की टीम बनाई है, जोकि इन महिला कैदियों को लीगल सहयोग के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कार्य करेंगी। महिला कैदियों को ड्रोन प्रशिक्षण के लिए कार्यक्रम बनाया गया है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक संजीव, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग डाॅ. दर्शना सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुदेश कुमारी, निताशा सिहाग, रेणु शर्मा, बिमला सिंवर, बेगो देवी, भावना शर्मा, रेखा अग्रवाल आदि उपस्थित रही।