सिरसा। प्रदेश की पहली नमो ड्रोन दीदी विमला सिंवर किसानों के बीच आधुनिक कृषि तकनीक का संदेश पहुंचा रही हैं। वह गांव-गांव जाकर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ड्रोन स्प्रे की उपयोगिता समझा रही हैं। इसके साथ ही खेतों में इसका प्रदर्शन भी कर रही हैं। विमला सिंवर का कहना है कि ड्रोन स्प्रे से खेती में समय, पानी और खर्च की बड़ी बचत संभव है। साथ ही फसल उत्पादन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
विमला ने बताया कि लंबे समय तक किसान पारंपरिक तरीकों से कीटनाशक छिड़काव करते रहे, जिससे पानी की अधिक खपत, अतिरिक्त श्रम और आर्थिक नुकसान होता था। इसी समस्या के समाधान के रूप में ड्रोन तकनीक सामने आई। इस पहल से न केवल खेती आसान हुई, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिला। महिलाओं को इस जिम्मेदारी से जोड़ने का उद्देश्य उन्हें स्वावलंबी बनाना और परिवार की आय में योगदान बढ़ाना है।
विमला सिंवर ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत उन्हें प्रदेश की पहली नमो ड्रोन दीदी बनने का अवसर मिला, जो जिले और प्रदेश दोनों के लिए गर्व का विषय है। ड्रोन स्प्रे से भूमि की उर्वरा शक्ति सुरक्षित रहती है, पारंपरिक तरीकों में उपजाऊ क्षमता पर नकारात्मक असर देखा गया है।