संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पुलिस जिला डबवाली के पांच गांव केवल, डोगरा वाली, धर्मपुरा, कमाल और सिंहपुरा को सोमवार को नशामुक्त गांव घोषित किया गया है। यहां के युवाओं ने नशे को अलविदा कह दिया है। गांव केवल में नशा मुक्ति टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डबवाली सिद्धांत जैन ने पांचों गांवों के सरपंचों को नशा मुक्त होने पर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि हमारी संस्कृति रही है कि हम अपने माता-पिता की आखों में आंसू नहीं देख सकते। हमें उनकी भावनाओं का ख्याल रखना चाहिए व जीवन में कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे माता-पिता के दिल को ठेस पहुंचे। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिला होने के कारण डबवाली नशे के मानचित्र पर रेड जोन क्षेत्र में है। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने के लिए धर-पकड़ कर रही है। नशे के कारोबार में लिप्त अपराधी की संपत्ति को जब्त करने का भी प्रावधान है।
:::::::::::::::::::::::::::::::
एकजुट होकर डबवाली के माथे से नशे का कलंक हटाने में लग जाएं
पुलिस अधीक्षक ने समारोह में उपस्थित सात गांवों के सरपंचों व ग्रामीणों से आह्वान किया कि एकजुट होकर डबवाली के माथे से नशे का कलंक हटाने में लग जाएं। युवाओं को अपने कारोबार व खेती बाड़ी में आने के लिए सहयोग करें। इस अवसर पर नशा छोड़ने वाले युवा ने मंच से अनुभव को साझा किया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली राजीव कुमार, गांव केवल के सरपंच गुरप्रीत सिंह, मनप्रीत सरपंच सिंहपुरा, दिलजीत सिंह सरपंच कमाल, शरणदीप सिंह सरपंच डोगरा वाली, कुलदीप सिंह सरपंच धर्पुमरा, डाॅ. शमशेर सिंह कालांवाली आदि उपस्थित रहे।
:::::::::::::::::::::::::::::::
नशामुक्त घोषित गांवों तथा वार्डों की समीक्षा करेगी पुलिस, एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए नशा मुक्त गांव का दौरा कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
सिरसा। जिला पुलिस की ओर से नशा मुक्त घोषित 134 गांवों तथा सिरसा तथा ऐलनाबाद के आठ वार्डों की समीक्षा की जाएगी। इन गांवों या वार्डों में अगर किसी भी कारण वंश कोई भी युवक नशे की गिरफ्त में आ गया है, तो प्रशासन के सहयोग से उसका इलाज करवा कर उसे फिर से समाज की मुख्य धारा में लाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नशा मुक्त गांव का दौरा करें। ग्राम पंचायत व आमजन से गांव के बारे में विस्तृत रिपोर्ट लें।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि ग्राम पंचायत, सामाजिक संस्थाओं तथा आमजन के सहयोग से नशामुक्त घोषित किए गए गांवों तथा वार्डों कर समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य है कि उक्त गांव पूरी तरह से नशा मुक्त रहें। जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम समाज के सभी लोगों की सामूहिक मुहिम है। इसलिए समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस नशा मुक्ति अभियान में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं।