चोपटा। जमाल गांव के बस स्टैंड के पास शराब ठेके को हटाने के लिए ग्रामीणों ने चौक के पास रविवार को धरना देकर रोष जताया। ग्रामीणों ने शराब ठेका वहां से हटवा किसी अन्य स्थान पर ले जाने की मांग की। धरना देने की सूचना मिलने के के बाद एक्साइज विभाग और पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और ग्रामीणों की काफी समय तक बातचीत हुई लेकिन कोई भी समाधान नहीं निकल पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह ठेका गांव के मुख्य चौक पर है, जहां चारों ओर मुख्य मार्ग है तथा यहां गांव के साथ-साथ बाहर की सवारियां बैठी रहती हैं जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं। इसके साथ ही इस चौक के पास गर्ल्स कॉलेज व स्कूल होने के कारण दिनभर लड़कियों का आना जाना रहता है। गांव जमाल के सरपंच नंदलाल बैनीवाल ने कहा कि यह गांव के मुख्य चौक पर शराब का ठेका उचित नहीं है। इससे आसपास का माहौल भी खराब होता है और यात्रियों, लड़कियों और अन्य आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि चौक पर खुले शराब ठेके को किसी अन्य जगह पर शिफ्ट किया जाए। मामले की सूचना मिलने के बाद अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। लंबे समय तक बातचीत होने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल पाया । इस मौके पर ग्रामीण निवर्तमान सरपंच नंदलाल बैनीवाल, जगतपाल मंडल अध्यक्ष, लिछराम स्वामी, सतबीर निठारवाल, मनीराम खाती, प्रह्लाद निठारवाल, राधेश्याम खाती, आईदान, रणबीर बैनीवाल, सतबीर बैनीवाल, कुलदीप व गांव के युवा क्लब के सदस्य भी मौजूद रहे।