बड़ागुढ़ा। तीन माह पूर्व रिश्वत लेते होमगार्ड जवान का वीडियो अब पीड़ित ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। पीड़ित का कहना है कि रिश्वत लेने वाले होमगार्ड सहित अन्य छह पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिदेशक और सीएम विंडो पर भी उसने शिकायत दी है परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, बुधवार को पुलिस प्रवक्ता ने सुरजीत सहारण ने बताया कि एसपी के संज्ञान में मामला आने के बाद होमगार्ड सुभाष को यातायात पुलिस की ड्यूटी से हटाकर होमगार्ड में भेज दिया गया है। साथ ही डीजीपी होमगार्ड को बर्खास्त करने के लिए लिख दिया गया है।
पीड़ित युवक गांव सिंघपुरा निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि वीडियो बीती 15 अप्रैल 2021 का है। गांव पंजुआना के समीप पुलिस कर्मी नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। वह अपने साथी हरदीप के साथ सिरसा अदालत में पेशी भुगतने के बाद मोटरसाइकिल पर वापस गांव लौट रहा था। युवक का आरोप है कि होमगार्ड ने उससे दो हजार रुपये रिश्वत के मांगे लेकिन उसके पास पांच सौ रुपये थे। जिसके बाद उक्त कर्मी ने उससे पांच सौ रुपये ले लिए। जबकि उसके पास हेलमेट, प्रदूषण, लाइसेंस इत्यादि सभी कागजात पूरे थे तथा मास्क भी लगाया हुआ था। पूरे मामले की उसने जेब में फोन आन कर वीडियो बना ली।
वीडियो करीब तीन माह पुराना है। इसके संबंधित जांच भी पूरी हो चुकी है। जिसके बाद युवक ने सीएम विंडो में भी शिकायत दी थी। युवक जांच से संतुष्ट नहीं था तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों के पास भी पहुंची है।
- बहादुर सिंह, इंस्पेक्टर, यातायात थाना, सिरसा ।