संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। युवक पर तेजधार हथियार से हमला करने के मामले में न्यायालय ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए 5 साल की कैद व साढ़े 27 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न भरने पर एक साल अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। इस मामले में सदर थाना सिरसा पुलिस ने जनवरी 2013 में एफआईआर दर्ज की थी।
मामले के अनुसार ढाणी संता सिंह वाली गांव मंगाला निवासी हरपिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 15 जनवरी 2013 को बाइक पर सवार होकर सिरसा जा रहा था। रास्ते में जीत लाल बाइक लेकर उसके सामने आ गया। इसी दौरान चमकीला भी वहां आ गया। उक्त दोनों ने तेजधार हथियार से उसपर हमला कर दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आई थी और उसके चाचा सतेंद्रपाल ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया था। पब्लिक प्रोसिक्यूटर राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को इस मामले का निपटारा करते हुए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हिमांशु सिंह ने आरोपी जीतलाल व चमकीला को दोषी करार देते हुए 5 साल कैद की सजा सुनाई है। साथ ही उनको 27 हजार रुपये का जुर्माना भी किया गया है।