सिरसा में बाइक चोरी के आरोपी पुलिस टीम के साथ।
सिरसा। जिले की एंटी व्हीकल थेप्ट स्टाफ की पुलिस टीम ने चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित दो यवकों को काबू किया है। इस टीम के प्रभारी एसआई अजय कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान संदीप कुमार निवासी कुमथला और मनी राम निवासी गांव कुमथला जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस की टीम गश्त और चेकिंग के दौरान गांव कुमथला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल के कागजात दिखाने के लिए कहा तो मोटरसाइकिल सवार युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह बाइक थाना आदमपुर जिला हिसार क्षेत्र से चोरी की थी। वह उसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल समेत दोनों आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए थाना आदमपुर के एसआई रविश कुमार के हवाले कर दिया।
पुलिस ने पकड़े दो पशु तस्कर, कैंटर में भरी छह गाय छुड़ाई
सिरसा। शहर थाना डबवाली पुलिस ने एक कैंटर सवार दो युवकों को काबू कर छह गाय छुड़वाईं। थाना प्रभारी एसआई शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वार्ड नंंबर पांच मंडी डबवाली निवासी सुरेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने कैंटर रोकी। इसमें सवार दो युवकों को काबू किया तो उनका नाम, पता पूछने पर वार्ड नंबर पांच डबवाली निवासी कुलविंदर और जिला मोगा पंजा के गांव रोडा निवासी चरणजीत बताया। कैंटर की तलाशी लेने पर उसमें निर्दयतापूर्वक बांधकर उत्तर प्रदेश में ले जाई जा रहीं छह गाय छुड़ाई गईं। उनके लिए वाहन में चारे और पानी की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई थी। बरामद गायों को मुक्त करवा नंदीशाला मंडी डबवाली में छोड़ा गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर कैंटर को कब्जे में ले लिया।