रानियां। जलघर में प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
रानियां। गांव ढुडियांवाली व पतिराठावास के लोगों ने बीते 10 दिनों से स्वच्छ पेयजल सप्लाई न मिलने पर जलघर में जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। परेशान लोगों ने सुबह 10 बजे जलघर में धरना लगाया और प्रशासन के आश्वासन के बाद तीन बजे धरनास्थल से उठे।
ग्रामीणों लखविंदर सिंह, ओमप्रकाश, राजकुमार व सुखविंदर सिंह ने बताया कि गांव पतिराठावास व ढुडियांवाली साथ-साथ हैं और दोनों का जलघर एक ही है, पानी के टैंक भरे हुए हैं। जलघर में पानी की सप्लाई के लिए दो मोटर लगाई गई हैं। इनमें एक मोटर सप्लाई देती है तो दूसरी आपातकालीन स्थिति के लिए खाली रखी जाती है।
जलघर की एक मोटर पिछले सात महीनों से खराब पड़ी है तो दूसरी भी 10 दिन पहले खराब हो गई। इससे लोगों को पीने व जरूरतमंद के लिए पानी की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि फसल का सीजन चल रहा है और घरों में पानी न होने पर देर रात तक उन्हें जल घर से टैंकर, ड्रम व घड़े से पानी लाना पड़ रहा है।
गांव के बहुत से ऐसे परिवार हैं जो 500 से 700 रुपये प्रति टैंकर देकर घर पर पानी की व्यवस्था नहीं करवा सकते। ऐसे में उन्हें साइकिल, मोटरसाइकिल, बैलगाड़ी व सिर पर पानी ले जाना पड़ रहा है। इस समस्या के लिए ग्रामीणों कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ, जेई व अधिकारियों से कई बार बात की, लेकिन वे उन्हें एक-दो दिनों में मोटर ठीक करवाकर सप्लाई देने का आश्वासन देकर उनकी परेशानी को ठंडा बस्ती में रखा है।
ढुडियांवाली जलघर की दोनों मोटर खराब है इसकी हमें कोई सूचना नहीं थी। बुधवार को ही हमें जलघर से घरों तक सप्लाई देने वाली दो मोटरों के खराब होने की सूचना मिली है। मिस्त्री को बोल दिया गया है जल्द ही मोटर ठीक करवा कर पानी की सप्लाई दे दी जाएगी।
- सुरेंद्र भाटिया, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग।