ऐलनाबाद पुलिस ने बुधवार को गश्त के दौरान सूचना के आधार पर चोरी की दो ट्रैक्टर व एक ट्रॉली बरामद करने में कामयाबी हासिल की है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि बुधवार को पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी उन्हें सूचना मिली दो युवक ऐलनाबाद में चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बेचने की फिराक में आए हुए है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया।
आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ बबलू निवासी हांसी तथा संदीप उर्फ सतपाल काली देवी मंदिर रोड निवासी हांसी के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने एक अन्य चोरी में भी शामिल होना बताया। उन्होंने बताया कि उनका साथी सूरज जोकि काली देवी मंदिर हांसी निवासी है, ने इस ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोहतक से चोरी किया है और वो इसे ऐलनाबाद बेचने के लिए लाए थे। वहीं आरोपी विशाल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि नीमला निवासी राजू उर्फ मडरिया के साथ मिलकर 10-15 दिन पहले उन्होंने सिरसा से एक बाइक भी चोरी की थी। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि इन दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।