कालांवाली। कालांवाली के तलवंडी कालांवाली रोड पर पंजाब को जाने वाली निजी बसों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते, सीआईडी और आरटीए की संयुक्त टीम ने बुधवार को कार्रवाई की। इस दौरान बिना परमिट दौड़ रहीं दो बसों को जब्त किया गया। इन बसों के मालिकों पर 1,96500 रुपये का जुर्माना लगाया है।
एसआई राजेश कुमार व एसआई चंद्रभान ने बताया कि हमें सूचना प्राप्त हुई थी कि बिना दस्तावेजों के अवैध तरीके से चार बसें तलवंडी कालांवाली रूट पर चलती है। ये सीधे तौर पर सरकारी खजाने का नुकसान पहुंचा रहे हैं। बुधवार को टीम ने जब मनदीप बस सर्विस की बठिंडा से तलवंडी होकर कालांवाली आने वाली दो बसों की जांच की, तो दस्तावेज पूरे नहीं पाए गए। इस बस चालकों के पास परमिट व अन्य कागजात ही नहीं थे। ऐसे में दोनों बसों को जब्त कर दिया गया है और 196500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस दौरान टीम में सीआईडी एसआई बलबीर सिंह, आरटीए असिस्टेंट सचिव नरेंद्र राठी मौजूद रहे।