ऐलनाबाद। आईपीएल टी-20 मैच के दौरान मुंबई इंडियन तथा दिल्ली कैपिटल के बीच खेले गए मैच पर क्रिकेट सट्टा लगवाते हुए ऐलनाबाद थाना पुलिस ने वार्ड 17 से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गौरव निवासी वार्ड 17 तथा दिलीप कुमार निवासी वार्ड 16 कस्बा ऐलनबाद के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि टीम ने मौके से लैपटॉप, एलईडी, टैब, वाई-फाई, स्विच बोर्ड, 20 मोबाइल फोन तथा क्रिकेट के लेखा-जोखा की नोटबुक सहित काफी मात्रा में सामान भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में गैंबलिंग एक्ट तथा आईटी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि ऐलनाबाद थाना की पुलिस टीम को गश्त के दौरान जानकारी मिली थी, कि वार्ड 17 निवासी गौरव पुत्र राजकुमार के घर की छत के ऊपर कुछ लोग आईपीएल टी 20 क्रिकेट मैच में मुंबई इंडियंस तथा दिल्ली कैपिटल के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर बड़े पैमाने पर मोबाइल फोन, एलईडी तथा लैपटॉप के माध्यम से क्रिकेट सट्टा लगाया जा रहा है। इस पर ऐलनाबाद थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप कुमार द्वारा गठित पुलिस टीम ने मौके पर दबिश वहां से क्रिकेट सट्टा में प्रयोग किए जा रहे सामान के साथ काबू कर लिया।