पुलिस ने विभिन्न जगहों से नशे की 1000 प्रतिबंधित गोलियों और 800 कैप्सूल सहित दो लोगों को काबू किया है। प्रथम मामले में सीआईए डबवाली ने गश्त के दौरान गांव घुकांवाली क्षेत्र से एक युवक को नशे की 1000 प्रतिबंधित गोलियों के साथ काबू किया है। प्रभारी सब इंस्पेक्टर वजीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी घूकांवाली के रुप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए युवक से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना ओढ़ां में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में जिला की एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने गश्त के दौरान माता काली देवी मंदिर, सिरसा क्षेत्र से एक व्यक्ति को नशे की 800 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ काबू किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान इंद्रपाल निवासी सी-ब्लॉक, सिरसा के रुप में हुई है। उन्होंने ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।