महिला के साथ मिलकर हनीट्रैप के मामले में दो होमगार्ड व एक पुलिसकर्मी के शामिल होने का खुलासे के बाद मामले पर परदा डालने की तैयारी चल रही है। आनन-फानन में दोनों होमगार्डों को पुलिस लाइन रवानगी कर दी गई है। वहीं, पुलिस कर्मी की कारस्तानियों को छिपाने के प्रयास चल रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक एक महिला ने बड़ागुढ़ा थाना में कार्यरत दो होमगार्ड के जवानों के साथ मिलकर गांव नेजाडेला खुर्द के एक युवक को दोस्ती कर अपने जाल में फंसाया। युवक महिला को एक रात अपने साथ ले गया और दूसरे दिन तड़के जब वह महिला को उसके घर छोड़ने आया तो रेलवे फाटक के पास दो पुलिस कर्मी पहुंच गए। ये दोनों पुलिसकर्मी युवक व महिला को थाने के पीछे बने पुराने क्वार्टर में ले गए। वहां, खुद को एसएचओ बताने वाला युवक से मामला दर्ज करने की धमकी देने लगा। काफी देर की बातचीत के बाद तीन लाख रुपये में मामला रफादफा करने का समझौता हुआ। घबराए युवक ने 70 हजार रुपये मौके पर लिए और अन्य राशि बाद में देने की बात हुई। वहीं, मामले की जानकारी गांव के कुछ लोगों को हुई तो उन्होंने बड़ागुढ़ा थाना के एसएचओ अवतार सिंह से इस मामले में बातचीत की। जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार महिला के साथ दो होमगार्ड के जवान इस साजिश में शामिल थे। इस मामले में एसएचओ बनकर आया पुलिसकर्मी कौन था इसके बारे में थाना का कोई भी कर्मचारी कुछ भी बताने से कन्नी इनकार करते रहे। मामला बिगड़ते देख युवक को 70 हजार में से 20 हजार रुपये वापस दे दिए गए। महिला ने पूरी कहानी पुलिसकर्मी व होमगार्ड के जवानों द्वारा बनाए जाने की बात कही है।
इस मामले बडागुढ़ा के कार्यवाहक थाना प्रभारी एएसआई सुमित कुमार से बात की गई तो पहले तो उन्होंने इस मामले की जानकारी न होने की बात कही। लेकिन जब उनसे दो होमगार्ड जवानों को लाइन हाजिर किए जाने के बारे में पूछा तो उन्होंने यह कहकर कन्नी काट ली कि एसएचओ साहब के कहने पर दो होमगार्ड के जवानों को लाइन हाजिर किया गया है। जब उनसे एसएचओ बन कर युवक को धमकाने वाले पुलिस कर्मी बारे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
कोट
मेरी इस समय झज्जर में किसान आंदोलन के तहत ड्यूटी लगी हुई है। हां इस बारे थाने से मेेरे पास फोन आया था कि ब्लैकमेलिंग मामले में दो होमगार्ड के जवानों का नाम सामने आ रहे हैं। जिसके बाद मैंने उसी वक्त दोनों जवानों को लाइन में रवानगी के लिए कह दिया था। अगर इस मामले में कोई शिकायत आती है तो जांच कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-अवतार सिंह, थाना प्रभारी बडागुढ़ा।