संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव जंडवाला बिश्नोइयां में स्कूटी और बाइक की टक्कर में दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान गांव गंगा निवासी 65 वर्षीय मंगत राम और गांव बनवाला निवासी 65 वर्षीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। हादसे में मंगत राम का बेटा सुमित घायल हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार को ओमप्रकाश अपनी बाइक पर भारुखेड़ा से गंगा गांव की ओर जा रहे थे। मंगत राम और उनका बेटा सुमित इलेक्ट्रिक स्कूटी पर चारा लेने खेत की तरफ निकले थे।
जैसे ही वे जलघर के पास पहुंचे, स्कूटी और बाइक की टक्कर हो गई। घायलों को पहले पीएचसी गंगा ले जाया गया। यहां इनकी नाजुक हालत देखते हुए नागरिक अस्पताल डबवाली रेफर किया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मंगत राम और ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। सुमित का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।