संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहीद भगत सिंह खेल परिसर में शिक्षा विभाग की ओर से मेरी पसंद-मेरी साइकिल योजना के तहत लगाया गया दो दिवसीय साइकिल मेला वीरवार को संपन्न हो गया। साइकिल मेले के अंतिम दिन 497 विद्यार्थियों की ओर से साइकिल पसंद की गई। दो दिन में जिले में छठी कक्षा में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के 1033 छात्र-छात्राओं की ओर से साइकिल पसंद की गई है। इनमें 461 लड़कियों शामिल रहीं।
अब विद्यार्थियों की साइकिल का डाटा निदेशालय में भेजा जाएगा और फिर निदेशालय की ओर से बजट जारी किया जाएगा। बजट आने के बाद विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध करवाई जाएंगी। दूसरे दिन बड़ागुढा खंड से 36, रानियां खंड से 219, डबवाली खंड से 186 व ऐलनाबाद खंड से 56 विद्यार्थी साइकिल मेले में अपने अभिभावकों व स्कूल स्टाफ के साथ पहुंचे और अपनी मनपसंद साइकिल को चलाकर देखकर पसंद किया।
इन विद्यार्थियों को मिलती है साइकिल
दरअसल शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए उनकी सुगमता के लिए मेरी पसंद-मेरी साइकिल योजना चलाई जा रही है। जिसके तहत कक्षा छठी में पढ़ने वाले ऐसे अनुसूचित जाति के विद्यार्थी, जिनके गांव या वार्ड में कक्षा छठी तक का विद्यालय नहीं है और उन्हें अपने गांव व कस्बे से दो किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करके स्कूल जाना पड़ता है, उन्हें विभाग साइकिल खरीदने के लिए मेला लगाकर अनुदान राशि देता है। सरकार की ओर से 20 इंच साइकिल के लिए 2800 और 22 इंच साइकिल के लिए 3000 रुपये की राशि निर्धारित की हुई है। परंतु हर बार अभिभावक इस अनुदान राशि को बढ़ाने की मांग करते है, लेकिन अभी तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। अभिभावकों का मानना है कि सरकार द्वारा निर्धारित राशि से इस महंगाई के दौर में साइकिल नहीं मिलती। साइकिल मेले में आकर उन्हें अपनी जेब से रूपए खर्च करके बच्चों को साइकिल दिलवानी पड़ती है। सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी खेल हरबंस सिंह, सहायक जिला शिक्षा अधिकारी खेल अनिल कुमार, रूपिंद्र कौर, बलजिंद्र कौर, रामवीर, बलविंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
इतने विद्यार्थियों ने पसंद की साइकिल
ब्लॉक, छात्र, छात्राएं, कुल
सिरसा, 236, 198, 434
ओढां, 38, 31, 69
नाथूसरी चोपटा, 12, 21, 33
बड़ागुढा, 19, 17, 36
रानियां, 117, 102, 219
डबवाली, 103, 83, 186
ऐलनाबाद, 47, 09, 56
कुल, 572, 461, 1033
शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में लगाया गया दो दिवसीय साइकिल मेला संपन्न हो गया है। मेले में जिले के सभी ब्लॉक के कक्षा छठी में पढ़ाई कर रहे अनुसूचित जाति के 1033 विद्यार्थियों की ओर से साइकिल पसंद की गई है। अब इनका डाटा निदेशालय में भेजा जाएगा और फिर बजट आने के बाद विद्यार्थियों को साइकिल दी जाएगी। - हरबंस सिंह, नोडल अधिकारी साइकिल मेला।