संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को ठीक करने के लिए दूसरे दिन भी नगर परिषद में भीड़ लगी रही। इस दौरान बिजली ठप होने, पोर्टल स्लो होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शिविर में दूसरे दिन ऑफलाइन 65, जबकि ऑनलाइन 115 शिकायतों का समाधान किया गया है। वहीं, लोगों ने शिकायतों के समाधान के लिए रोजाना शिविर व हेल्प डेस्क लगाने की मांग की है।
नगर परिषद में लगे दो दिवसीय शिविर में ऑफलाइन 280 शिकायतें आईं। इनमें से 185 का ही समाधान हो पाया है, जबकि ऑनलाइन 500 शिकायतों में से सिर्फ 115 का ही समाधान हुआ है। शहर में कुल 95 हजार प्रॉपर्टी आईडी हैं। इनमें से 25 हजार आईडी में त्रुटियां ठीक हुई हैं, जबकि 70 हजार आईडी ठीक करने का काम शेष है। रविवार को सुबह से ही नगर परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी आईडी संबंधित शिकायत लेकर प्लाॅट धारक पहुंचना शुरू हो गए। इनमें से कई शिकायतकर्ता बीते दिन के भी रहे।
परिषद में अधिक भीड़ होने के कारण कई लोग नाम लिखवाकर लौट गए। दोपहर बाद यहां पर लोगों की संख्या भी कम हो गई। अब नगर परिषद ने शेष रहे लोगों को सूचना देकर सोमवार को कार्यालय में बुलाया है।
वहीं निवर्तमान वार्ड नंबर 19 की पार्षद नीतू सोनी ने रेगुलर कैंप लगाने, नगर परिषद में हेल्प डेस्क लगाने की भी मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह से सरकार व नगर परिषद कार्य करता रहा तो शेष 70 हजार आईडी ठीक करने को लिए दो वर्ष का समय लगना तय है। सरकार बड़े स्तर पर अभियान चलाकर प्रॉपर्टी आईडी को ठीक करवाए।
बिजली कट से आधे घंटे तक काम रहा प्रभावित
दोपहर दो बजे के करीब नगर परिषद कार्यालय में बिजली गुल हो गई। इसके कारण यहां पर करीब आधे घंटे तक कार्य भी प्रभावित रहा। गर्मी ओर उमस के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। शिकायतकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय में जेनरेटर व इनवेटर न होने पर रोष भी जताया। दिनभर पोर्टल भी स्लो होने के कारण कार्य भी तेजी से नहीं हो पाया है।
रिजेक्ट हुई 115 फाइलों का भी हुआ समाधान
पोर्टल पर पहले दर्ज की गई ऑनलाइन करीब 500 शिकायतों का समाधान नहीं हो पाया था। नगर परिषद की ओर उक्त सभी शिकायतकर्ताओं को फोन कर सूचना दी गई। इनमें से केवल 115 लोग ही अपने दस्तावेज लेकर नगर परिषद कार्यालय में पहुंच पाए थे। इनकी शिकायतों का समाधान कर दिया गया है।
दो दिन के कैंप में 185 ऑफलाइन और 115 ऑनलाइन शिकायतों का समाधान किया गया है। शेष रही शिकायतों का समाधान करने के लिए उन्हें सोमवार को बुलाया गया है। शिकायतों का लगातार समाधान किया जा रहा है। - मुनीष सैनी, इंचार्ज, प्रॉपर्टी आईडी ब्रांच, नगर परिषद।