कोरोना की चेन अब टूटती हुई नजर आ रही है। जिले में 37 दिनों पश्चात सबसे कम दो कोरोना संक्रमण से मरीजों की मौत हुई है। इससे पहल 23 अप्रैल को जिले में दो मरीजों की एक साथ मौत हुई थी लेकिन इसके पश्चात कोरोना से मरनेें वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता गया। जिले में अब तक 400 मरीज कोरोना से जान गवा चुके है। वहीं रविवार को 117 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है जबकि 284 मरीज स्वस्थ हुए है।
जिले में मई माह में अब तक 228 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। सवा माह बाद मौतों के आंकड़े में सुधार होने के कारण जिले वासियों को कुछ राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब 365245 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 28007 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। अभी तक 890 मरीजों के सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है। अब 1822 मरीज सक्रिय है। इनमें से 187 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 94 मरीज सरकारी अस्पताल और 93 मरीज निजी अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे है। जिले में 1187 मरीज होम आइसोलेट है। जिले में रिकवरी रेट बढ़कर अब 92.06 फीसदी तक पहुंच गया है। जबकि कोरोना से मौतों का फीसदी 1.42 है। विभाग की ओर से रविवार को 1553 लोगों के सैंपल लिए गए है।
ग्रामीण क्षेत्रों के दो मरीजों की कोरोना से हुई मौत
रविवार को ठोबरियां का 62 वर्षीय व्यक्ति और वैदवाला की 49 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमण से मौतों का आंकड़ा अब 400 तक पहुंच गया है। रविवार को आंकड़ा कम होने के कारण विभाग को भी कुछ राहत मिली है। रविवार को सिरसा में 40, डबवाली में पांच, ऐलनाबाद में आठ, कालांवाली में सात, ओढां में छह, नाथूसरी चोपटा में 13, माधोसिघाना में तीन, रानियां में 13, चौटाला में 12, बडागुढ़ा में 10 सहित कुल 117 मरीज संक्रमित पाए गए है।
ब्लैक फंगस से भी रविवार को मिली राहत
रविवार को जिले में ब्लैक फंगस का कोई भी मरीज सामने नहीं आया है। जिले में अब तक 57 मरीज ब्लैक फंगस से संक्रमित पाए गए है। इनमें से 45 मरीज सिरसा के और 12 मरीज दूसरे जिलों के है। इनमें से 10 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। जिनमें से नौ मरीज सिरसा जिले के और एक मरीज फतेहाबाद जिले का रहने वाला था। दवाईयों की कमी को देखते हुए विभाग की ओर से मुख्यालय से दवाईयों की मांग की जा रही है। लेकिन विभाग को भी कम मरीजों की दवाईयां उपलब्ध हो पा रही है। जिसके कारण मरीजों को दूसरे राज्य व जिलों से दवाईयां मंगवाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
आज से नागरिक अस्पताल की लैब में ही मरीजों के सैंपलों की होगी जांच
कोरोना के पश्चात मरीज ब्लैक फंगस की चपेट में आ रहे है। जिसके पश्चात मरीजों को सर्जरी तक करवानी पड़ रही है। सिरसा के नागरिक अस्पताल में मरीजों का उपचार शुरू किया गया है। नागरिक अस्पताल में सैंपल जांचने की सुविधा न होने के कारण मरीजों को बाहर से सैंपल करवाने पड़ रहे है। ऐसे में मुख्यालय की ओर से नागरिक अस्पताल की लैब में सैंपल रिपोर्ट तैयार करने को लेकर कई उपकरण भेजे गए है। जिसके पश्चात मरीजों के ब्लैक फंगस के सैंपलों की जांच नागरिक अस्पताल की लैब में होंगे। सोमवार से अस्पताल की लैब में रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिसका मरीजों को काफी लाभ मिलेगा।
कोरोना संक्रमण मरीज अब जल्द ही स्वस्थ हो रहे है और संक्रमित मरीज भी जिले में कम पाए जा रहे है। मरीजों के सैंपलिंग भी बढ़ाई गई है। रविवार को दो मरीजों की ही कोरोना से मौत हुई है और 284 मरीज स्वस्थ हुए है। कोरोना से बचाव करने के लिए लोग नियमों की पालना निरंतर करते रहे।
-डॉ. मनीष बांसल, सीएमओ, सिरसा