नागरिक अस्पताल में ओपीडी के बाहर इंतजार करते मरीज।
सिरसा। जिले में चार दिन से जारी चिकित्सकों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। इसके बाद सभी चिकित्सक ड्यूटी पर लौट आए, जिससे मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से मिलने लगीं। हड़ताल के कारण मरीजों को इलाज तो मिल रहा था, लेकिन कुछ स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी आने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। चिकित्सकों के ड्यूटी पर लौटने के बाद अब अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध हैं।
जिले के लगभग 140 चिकित्सकों में से 21 चिकित्सक हड़ताल पर थे। एचसीएमएसए के आह्वान पर शुरू हुई यह हड़ताल उच्च कमेटी के हस्तक्षेप के बाद देर रात खत्म कर दी गई। शुक्रवार सुबह चिकित्सक नागरिक अस्पताल में अपने-अपने विभागों में मरीजों को इलाज और दवा प्रदान करने लगे। नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को लगभग 1000 मरीजों ने इलाज करवाया। हड्डी रोग विभाग में 150, जबकि बालरोग और छाती रोग विभाग में लगभग 300 मरीज पहुंचे। अन्य विभागों में भी मरीजों की अच्छी खासी भीड़ रही।
अल्ट्रासाउंड और रेफरल सेवा में सुधार : नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध हुई। सुबह 8 बजे से ही महिला मरीज अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लाइनों में लगना शुरू हो गई थीं। शुक्रवार को लगभग 50 मरीजों को यह सुविधा मिली। गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को चार दिन बाद अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने से उन्हें राहत मिली। चिकितकों की हड़ताल के दौरान वैकल्पिक चिकित्सकों ने मरीजों को ट्रॉमा सेंटर भेजकर प्राथमिक उपचार के बाद रैफर किया था। चिकित्सकों के ड्यूटी पर लौटने से रेफरल प्रक्रिया में कमी आई और एमएलआर सुविधा भी मरीजों के लिए फिर से शुरू हो गई।