24 जून को ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गए थे जेई नेकीराम
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव पंजुआना के निकट सड़क हादसे के शिकार हुए विद्युत निगम के जेई नेकीराम के मामले में पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक गांव सरदारपुरा बास जिला हनुमानगढ़ निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जेई नेकीराम को 24 जून को ड्यूटी पर जाते समय एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने चपेट में ले लिया था।
इसके बाद पुलिस ने 28 जून को आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में गंभीर रूप से घायल हुए गांव साहुवाला द्वितीय निवासी जेई नेकीराम ने 19 जुलाई को अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
इस मामले में परिजनों व अन्य लोगों ने बीते रविवार को सिरसा की नागरिक अस्पताल में बड़ागुढ़ा पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया था। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद डीएसपी सिरसा ने नेकीराम के परिजनों से बातचीत कर करते हुए 3 दिन का समय मांगा था और एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी में डीएसपी राजेश कुमार, बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी लाभ सिंह, एसआई मदनलाल व सुखजीत सिंह, एएसआई सुखदीप सिंह संदीप कुमार को शामिल किया गया था।
एसआईटी ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज एवं साइबर सेल की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी लाभ सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मामले में शामिल तफ्तीश करने के उपरांत जमानत पर रिहा कर दिया है।