चहारदीवारी और अन्य कार्य जारी, पार्क, सीवरेज लाइन व सड़कों का निर्माण अभी बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर की ताऊ देवीलाल टाउनशिप स्थित मेला ग्राउंड परियोजना लंबे समय से अधर में है। 22 वर्ष बीत जाने के बाद भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का काम पूरी तरह सिरे नहीं चढ़ पाया है। शहरवासियों को आज भी इसके पूर्ण होने का इंतजार है।
मौजूदा समय में परियोजना स्थल पर चहारदीवारी सहित कुछ अन्य कार्य धीमी गति से चल रहे हैं लेकिन बड़े विकास कार्य अब भी लंबित हैं। मेला ग्राउंड को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में विकसित करने की योजना बनाई गई थी। इसके तहत यहां पार्क निर्माण, सीवरेज लाइन बिछाने, सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
लंबे समय से लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि यह क्षेत्र विकसित होकर शहर को एक बेहतर सुविधा केंद्र प्रदान करेगा लेकिन कार्य की धीमी गति के कारण यह इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। काम की गति धीमी होने के पीछे भाजपा पार्षदों की बार-बार शिकायत करना माना जा रहा है।
पार्षदों की ओर से मुख्यमंत्री तक को शिकायत की गई थी कि अधिकारियों के करीबियों ने परियोजना में प्लॉट खरीदे हैं। इसके बाद मामला तूल पकड़ने के बाद परियोजना पर अधिकारियों ने अपना फोकस हटा लिया, जैसा पार्षद चाहते थे।
कारण यह कि भाजपा पार्षद पहले से परियोजना को सिरे चढ़ाने के बजाय अपने वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देना चाहते थे। मेला ग्राउंड में प्लॉट खरीदने वाले लोग लगातार विकास करवाने की मांग कर रहे थे। उन लोगों ने सालों पहले अपने लाखों रुपये इसमें लगाए थे।
मेला ग्राउंड की कीमतों में आया हुआ उछाल विवाद का कारण बना है। कर्मचारियों ने बताया कि प्रॉपर्टी का काम करने वाले कुछ लोग इस जोन में प्लॉट खरीदने से वंचित रह गए थे। उन्हें लगता था कि यह परियोजना कभी सिरे नहीं चढ़ेगा। वहीं, साथ ही गत्ता फैक्टरी होना भी बड़ा कारण माना जाता था।
गत्ता फैक्टरी बंद होने और विकास कार्य शुरू होने के बाद प्लॉट की कीमतें एक दम दोगुना हो गईं। कभी दो साल पहले तक जहां मेला ग्राउंड के प्लॉटों की कीमत 20 से 25 हजार रुपये के बीच थी। अब 40 से 50 हजार रुपये तक पहुंच गई है। इतना ही नहीं जैसे-जैसे नगर परिषद इस परियोजना को पूर्ण करने की दिशा में कदम बढ़ाएगी। प्लॉटों की कीमत लगातार बढ़ेगी।
डेरा प्रमुख की गतिविधियों का भी मिला लाभ
मेला ग्राउंड के आसपास के क्षेत्र के प्रॉपर्टी में उछाल के पीछे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का पैरोल व फर्लो पर सिरसा आना भी प्रॉपर्टी में उछाल लेकर आया है। बेगू रोड पर अनुयायियों का आना-जाना बढ़ा है। डेरा प्रमुख के दर्शनों को लेकर श्रद्धालु यहां पर आते हैं। ऐसे में डेरे की गतिविधियां बढ़ने से भी प्रॉपर्टी में उछाल देखने को मिला है।
जल्द से जल्द हो विकास
मेला ग्राउंड एसोसिएशन के प्रधान रमेश साहुवाला के अनुसार, मेला ग्राउंड में विकास की गतिविधियां तेज करवाने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर जिला नगर आयुक्त से लेकर उपायुक्त तक से मुलाकात कर चुके हैं। कुछ लोग जानबूझ कर मेला ग्राउंड के विकास कार्य को रुकवाना चाहते हैं लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। सालों से पैसा लगाकर लोग बैठे हैं और अबतक सुविधाएं नहीं मिली हैं।
चहारदीवारी सहित अन्य कार्यों पर चल रहा काम
वर्तमान में परियोजना स्थल पर चहारदीवारी निर्माण और कुछ अन्य कार्य किए जा रहे हैं। हालांकि, बड़े स्तर पर होने वाले विकास कार्य अभी गति नहीं पकड़ पाए हैं। मेला ग्राउंड क्षेत्र में पार्क, बेहतर सड़क व्यवस्था, सीवरेज सुविधा और अन्य आवश्यक विकास कार्य होने से आसपास के क्षेत्रों को भी फायदा मिलेगा। यह स्थान भविष्य में सार्वजनिक कार्यक्रमों और नागरिक सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
कोट्स
मेला ग्राउंड में विकास कार्य चल रहे हैं। भले ही धीमी गति से काम चल रहा है लेकिन विकास कार्य रुकने नहीं दिया गया है। अधिकारियों से बातचीत कर विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
-वीर शांति स्वरूप, अध्यक्ष, नगर परिषद।