गांव गदराना में करीब दो माह पूर्व पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हुए झगड़े में एक पक्ष के घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले युवक की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुरपाल सिंह पाला (35) निवासी गांव गदराना के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के मामले में चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कालांवाली पुलिस ने आरोपी संदीप, लखबीर, लखविंद्र सिंह, गगनदीप निवासी गांव गदराना के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मृतक गुरपाल सिंह के बड़े भाई हरदीप सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई गुरपाल सिंह खेती-बाड़ी का काम करता था। सोमवार देर शाम को वे दोनों ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने घर आ रहे थे। इस दौरान उसका भाई गुरपाल सिंह ख्योवाली रोड के पास किसी दुकान से घर के लिए घरेलू सामान लेने के लिए ट्रैक्टर से उतरकर जाने लगा। इतने में पीछे से एक बाइक और कार पर सवार उन्हीं के गांव के संदीप, लखविंद्र सिंह, लखबीर सिंह, गगनदीप और दो-तीन अन्य लोग उनके पास आकर रुके और हमला हर दिया। इस दौरान गगनदीप ने पिस्तौल से उसके भाई गुरपाल सिंह पर सीधा फायर किया और मौके से फरार हो गए। गोली गुरपाल सिंह के पेट में जाकर लगी और गुरपाल सिंह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसके शोर मचाने पर उसके परिजनों ने गुरपाल सिंह को सिरसा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक गुरपाल सिंह शादीशुदा था और उसका एक सात वर्षीय पुत्र है। वहीं डीएसपी नर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और परिजनों ने गुरपाल सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभी फरार है।
गांव में हुई दो पक्षों की लड़ाई में घायल को अस्पताल पहुंचाने की रंजिश के चलते दिया घटना को अंजाम
गांव गदराना में वर्ष 2015 में रुपयों के लेन-देन के चलते हुए झगड़े के बाद से दो गुटों में पहले से ही रंजिश चल रही थी। गत 16 फरवरी 2020 को दोनों पक्षों के किसी शादी समारोह में आमने-सामने होने पर तकरार हो गई थी। जिसके बाद उसी रात को गांव में दोनों पक्षों में आपसी झड़प हो गई थी और दोनों पक्षों के लोगों ने आपस में एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला कर गोलियां चला दी थी। जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। एक गुट के तीन घायलों में देवेंद्र सिंह उर्फ गग्गु, लखविंद्र सिंह उर्फ लख्खी, लखवीर सिंह उर्फ लख्खा और दूसरे पक्ष में सुखराज सिंह उर्फ काला घायल हो गए थे। जिसके बाद कालांवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर न्यायिक अदालत में पेश कर दोनों पक्षों के आरोपियों को जेल भेज दिया था। मृतक गुरपाल सिंह के परिजनों के अनुसार इस झगड़े में गुरपाल सिंह ने घायल सुखराज सिंह उर्फ काला को घायलावस्था में मदद न मिलने के बाद कार से सिरसा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। जिसके बाद से दूसरे पक्ष के लोग गुरपाल सिंह से रंजिश रखने लगे थे। हालांकि इससे पहले गुरपाल सिंह का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
अब पिस्तौल और बाइक बरामद करने में जुटी पुलिस
सोमवार शाम को गांव गदराना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले में कालांवाली थाना पुलिस ने सुराग जुटाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कालांवाली थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप, लखवीर, लखविंद्र सिंह उर्फ लखी निवासियान गांव गदराना के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल और बाइक बरामद किया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार शाम को आरोपियों ने अवैध पिस्तौल से गुरपाल निवासी गदराना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में गुरपाल के भाई हरपाल सिंह निवासी गदराना की शिकायत पर कालांवाली थाना में हत्या का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गुरपाल की फाइल फोटो।- फोटो : Sirsa