जिला पुलिस ने विभिन्न जगहों से नशे की 1000 गोलियों व 920 कैप्सूल के साथ तीन लोगों को काबू किया है। प्रथम मामले में जिला की सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गांव अलीकां क्षेत्र से एक युवक को नशे की 1000 गोलियों के साथ काबू किया है। सीआईए डबवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर वजीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान हरदीप सिंह उर्फ काला निवासी बडिंग खेड़ा के रुप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए युवक से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में जिला की सीआईए कालांवाली पुलिस टीम ने गांव मंगाला क्षेत्र से स्कूटी सवार दो लोगों को नशे की 920 कैप्सूल के साथ काबू किया है। सीआईए कालांवाली प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक प्रेम कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों की पहचान संजय कुमार निवासी टीटू खेड़ा व लक्ष्मण सिंह निवासी माधोसिंघाना के रुप में हुई है। सीआईए कालांवाली प्रभारी ने बताया कि सप्लायर समेत दो लोगों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।