डिपो होल्डर द्वारा पिछले तीन माह से राशन नहीं देने को लेकर गांव रामपुरा ढिल्लो के राशन उपभोक्ताओं ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय और दोषी पर कार्रवाई की जाए।
गांव रामपुरा ढिल्लो निवासी रामकिशन, धर्मपाल, तेजपाल, विजेंद्र कुमार, बनवारी, जसवंत, प्रेमकुमार, भजन लाल, राजकुमार, दरिया सिंह, महावीर, रामकुमारी, कृष्णा, छोटू राम, शीशपाल, हवासिंह आदि ने बताया कि डिपो होल्डर अशोक कुमार पिछले तीन माह से राशन उपभोक्ताओं को राशन नहीं दे रहा है।
इस संबंध में सीएम विंडो में भी शिकायत की गई है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि डिपो होल्डर ने हर महीने आने वाला राशन कभी भी गरीब परिवारों को समय पर अदा नहीं करता है और पूछने जवाब दे देता है कि राशन अभी नहीं आ रहा है।
जबकि अन्य गांवों में राशन मिल रहा है। डन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि डिपो होल्डर गरीब परिवारों का राशन गबन कर रहा है।