संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में तीन बाइकें चोरी हो गईं। लाल बत्ती चौक के पास एक दुकान के बाहर से अज्ञात आरोपी दो बाइक चोरी कर ले गया। चोरी की ये वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। शहर थाना पुलिस ने बाइक मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भरोलावाली निवासी बलजिंदर सिंह की लाल बत्ती चौक पर राजू इलेक्ट्रीशियन के नाम से दुकान है। वह मंगलवार को बाइक पर सवार होकर दुकान पर आए थे। उन्होंने अपनी बाइक दुकान के बाहर खड़ी की। रात नौ बजे वह दुकान के बाहर आए तो उनकी बाइक गायब थी।
बलजिंदर ने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो उसमें एक युवक बाइक चोरी करते दिखाई दिया। इसके बाद उन्हें पता चला कि मंगलवार रात उनके पड़ोस से एक अन्य बाइक भी चोरी हो गई। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि इन दोनों बाइकों को एक ही आरोपी ले गया।
संजय कॉलोनी निवासी संजय कुमार पुत्र मदन लाल मोहता मार्केट स्थित विशाल होजरी की दुकान पर नौकरी करते हैं। संजय भी मंगलवार को बाइक पर सवार होकर ड्यूटी पर गए थे। उन्होंने अपनी बाइक खान साहब वाली गली में खड़ी की थी। रात को घर जाने के लिए वह बाइक के पास पहुंचे तो बाइक नहीं मिली। संजय ने बाइक की काफी तलाश की लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद दो पीड़ितों बलजिंदर और संजय ने शहर थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।