डोडा पोस्ट सहित पकड़ा गया आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : Sirsa
जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सदर डबवाली थाना पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से 14 किलो 200 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। सदर डबवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान अमित कुमार निवासी गांव चौटाला के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर इस संबंध में सदर डबवाली थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायरों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि चौटाला पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने उपरोक्त आरोपी को चूरापोस्त के साथ गांव चौटाला क्षेत्र से काबू किया। एक अन्य घटना में जिला की शहर थाना सिरसा पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 4 किलो 900 ग्राम चूरापोस्त के साथ काबू किया है। आरोपी की पहचान अभिषेक निवासी रानियां रोड सिरसा के रूप में हुई है। शहर थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ शहर थाना सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं सीआईए सिरसा पुलिस ने कार सवार एक व्यक्ति को रानियां थाना क्षेत्र के गांव बाहिया से काबू कर उसके कब्जे से 64 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनू कुमार निवासी गांव बाहिया के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ रानियां थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।