कोरोना वैक्सीनेशन प्रक्रिया का तीसरा चरण शुरू होने के बाद वीरवार को 40 स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन का मेगा ड्राइव चलाया गया। दिनभर में कुल 1195 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई। हालांकि विभाग की ओर से 4568 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया था। वैक्सीन लगवाने के लिए दिनभर स्वास्थ्य केंद्रों पर बुजुर्गों की भीड़ लगी रही।
बता दें कि वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर के 40 केेंद्रों पर कोरोना वैक्सीन का मेगा ड्राइव चलाया गया। बीते तीन दिनों से पोर्टल में खामियां होने के कारण बुजुर्गों को रजिस्ट्रेशन कराने में काफी परेेशानी का सामना करना पड़ा था। लेकिन वीरवार को सुबह से ही पोर्टल में सुधार होने के बाद दिनभर प्रक्रिया जारी रही। बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन होने के बाद उन्हें डोज लगाई गई और उन्हें आधे घंटे तक रेस्ट रूम में इंतजार करने के लिए कहा गया। हालांकि दिनभर किसी भी बुजुर्ग में वैक्सीन का गलत प्रभाव देखने को नहीं मिला।
952 बुजुर्गों को लगी पहली डोज
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब पहले दूसरे और तीसरे चरण में शामिल बुजुर्गों और कर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। वीरवार को प्रथम चरण के 199 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी, दूसरे चरण में शामिल 69 कर्मचारियों को पहली डोज और तीसरे चरण में शामिल 952 बुजुर्गों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। दिनभर कुल 1195 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई है।
बुजुर्ग खुद नहीं करवा पा रहे रजिस्ट्रेशन
कोरोना वैक्सीनेशन से पहले बुजुर्गों का कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया जाता है। हालांकि सरकार की ओर से पोर्टल पर खुद रजिस्ट्रेशन करवाने का विकल्प भी दिया गया है। लेकिन पोर्टल के बारे में जानकारी न होने के कारण बुजुर्ग खुद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पा रहे। जिसके चलते बुजुर्गों को केंद्रों में बैठ इंतजार करना पड़ता है। हालांकि अब पोर्टल में सुधार होने के कारण बुजुर्गों को वैक्सीन भी समय के साथ लगाई जा रही है।
28 दिनों में विभाग को पूरा करना है लक्ष्य
जिले में कुल एक लाख 18 हजार के लगभग बुजुर्गों को तीसरे चरण में शामिल किया गया है। मुख्यालय की ओर से यह लक्ष्य केवल 28 दिनों में पूरा करने को लेकर जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। जिसके चलते विभाग तेजी से कोरोना वैक्सीन की डोज लगाने की प्रक्रिया चला रहा है
कोट
तीसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्गों और 45 वर्ष से अधिक आयु वाले उन लोगों को शामिल किया गया है जो बीमारी से पीड़ित है। आयु के अनुसार ही बुजुर्ग कोरोना वैक्सीनेशन लगवाने के लिए केंद्रों में पहुुंचे। बुजुर्गों को कोरोना वैक्सीन से डरने की आवश्यकता नहीं चाहिए। वीरवार को 40 केंद्रों पर डोज दी गई है।
डॉ. बालेश बांसल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, नागरिक अस्पताल।