चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों के प्रथम वर्ष की परीक्षाओं का आयोजन 17 मार्च से किया जाना है। परीक्षा में प्रश्नपत्र से किन्हीं पांच प्रश्नों को हल करने की अनुमति दिए जाने की मांग को लेकर विभिन्न विषयों के विद्यार्थी कुलपति से मिलने के लिए पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने विद्यार्थियों को कार्यालय के बाहर ही रोक दिया। जिसके कुछ समय पश्चात कुलपति विद्यार्थियों से मिलने के लिए पहुंचे। वहीं विद्यार्थियों ने अपनी समस्या सुनाई तो कुलपति ने समस्या का जल्द ही समाधान करने का आश्वासन दिया।
बुधवार को सीडीएलयू के बॉटनी, बॉयोटेक, जियोलॉजी, मैथ, हिस्ट्री, अंग्रेजी, हिंदी, इकोनॉमिक्स, फिजिक्स और अन्य विषयों के विद्यार्थी एकत्र होकर कुलपति प्रो. अजमेर सिंह मलिक के कार्यालय के बाहर पहुंच गए। यहां विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय में जाने का प्रयास किया तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। जिसके पश्चात रजिस्ट्रेशन राकेश वधवा विद्यार्थियों से मिलने के लिए पहुंचे। लेकिन विद्यार्थी कुलपति से मिलने की जिद्द पर अड़े रहे। इसके कुछ समय पश्चात कुलपति विद्यार्थियों से मिलने के लिए बाहर आए और विद्यार्थियों की समस्या जानी। वहीं, विद्यार्थी नवीन, जितेंद्र, आशीष, अंकुर और सुरेंद्र ने बताया कि उनकी परीक्षाओं का आयोजन 17 मार्च से किया जाना है। जबकि ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों का सिलेबस ही पूरा नहीं हो पाया है। जिसके चलते अब उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि प्रश्न पत्र में से किन्हीं पांच प्रश्नों को किए जाने का नोटिफिकेशन जारी किया जाए। ताकि विद्यार्थियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
एक सप्ताह पहले भी विद्यार्थियों ने किया था प्रदर्शन
प्रश्न पत्र से किन्हीं पांच प्रश्नों को हल करने की छूट दिए जाने की मांग को लेकर एक सप्ताह पहले भी विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय के समक्ष जमकर नारेबाजी की थी। जिसके दौरान परीक्षा नियंत्रक ने विद्यार्थियों की समस्या सुनी थी और उनकी समस्या का हल करने का आश्वासन दिया था। लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी विश्वविद्यालय की ओर से कोई भी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। जिसके कारण अब फिर से छात्र एकत्र होकर कुलपति कार्यालय में पहुंच गए।
विद्यार्थी बोले- समस्या का नहीं हुआ हल तो करेंगे प्रदर्शन
छात्रों ने कहा कि इससे पहले भी वह समस्या को लेकर पहुंचे थे। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो पाई। सिलेबस पूरा न होने के कारण तैयारी भी नहीं हो पाई है। जबकि विश्वविद्यालय की ओर से सिलेबस भी कम नहीं किया गया। अन्य विश्वविद्यालयों ने सिलेबस कम कर किन्हीं पांच प्रश्नों को हल करने का नोटिफिकेशन तक जारी किया है। लेकिन सीडीएलयू प्रशासन की ओर से इसका कोई भी समाधान नहीं निकाला गया है। वहीं उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन की ओर से उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता तो वह प्रदर्शन करने को भी मजबूर होंगे।
कोट
विद्यार्थियों की मांगों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। इसके बाद ही विद्यार्थियों के हित में कोई फैसला लिया जा सकेगा।
- प्रो. अजमेर सिंह, कुलपति, सीडीएलयू।