संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। महिला बहुतकनीकी कॉलेज में चोरी की नीयत से घुसने वाले युवक पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार की शिकायत पर की है। आरोपी कुलवंत सिंह गांव नेजाडेला सिरसा का रहने वाला है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रधानाचार्य ने बताया कि छह मार्च को कॉलेज के कंडम बॉयज हॉस्टल में अज्ञात शख्स घुस आया था। कॉलेज के सुरक्षा गार्ड इंद्र कुमार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कॉलेज परिसर की तीन घंटे तक छानबीन की।
सर्च के दौरान बॉयज हॉस्टल में एक संदिग्ध युवक नजर आया। उसे हिरासत में लेने के बाद जांच की गई तो हॉस्टल के कई कमरों के बिजली के तार व बाथरूम से कई टोटियां गायब मिलीं।
जांच अधिकारी सुभाष चंद्र का कहना है कि आरोपी के पास से कुछ बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। आरोपी को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।