बडागुढ़ा पैक्स में पहुंची 500 बैग खाद, लेने के आए 7 गांवों के 700 किसान, पुलिस ने संभाली स्थिति
तीन गांवों के किसानों को मिली 3-3 बैग डीएपी
फोटो- 14
संवाद न्यूज एजेंसी
बडागुढ़ा। गांव बडागढ़ा के पैक्स में बुधवार सुबह 500 बैग खाद पहुंची। खाद के सूचना मिलते ही भारी संख्या में किसान खाद लेने के लिए पहुंच गए। इस दौरान किसानों में ही आपस में तकरार हो गई। इसके चलते चार गांवों के किसानों को लौटना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और किसानों को 3-3 बैग खाद का वितरण किया।
बडागुढ़ा पैक्स में अलसुबह जैसे ही किसानों को डीएपी खाद आने की सूचना मिली तो बडागुढ़ा, सुब्बाखेड़ा, झोरडऱोही, रघुआना, बीरूवालागुढ़ा, दौलतपुरखेड़ा व छतरियां सहित 7 गांवों से करीब 700 किसान पैक्स में पहुंच गए। पैक्स खुलने से पूर्व ही लंबी लाइन लग गई। इस दौरान खाद को लेकर किसानों में आपस में तकरार हो गई।
किसानों ने कहा कि इस पैक्स के अधीन बडागुढ़ा, दौलतपुरखेड़ा व सुब्बाखेड़ा सहित 3 गांव पड़ते हैं, इसलिए खाद का वितरण इन्हीं गांवों के किसानों में होना चाहिए। माहौल गर्माता देख सूचना के बाद बडागुढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची। किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ तो सरकार किसान हितैषी होने का दम भर रही है और दूसरी तरफ किसान खाद के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को विवश है।
उन्होंने कहा कि बिजाई के समय कभी खाद नहीं मिलती तो कभी बीज नहीं मिलता। सरकार को चाहिए बिजाई से पूर्व ही खाद-बीज का प्रबंध करे। काफी देर तक चली जद्दोजहद बाद बीरूवालागुढ़ा, छतरियां, झोरड़रोही व रघुआना सहित 4 गांवों के किसान वापस चले गए। इसके बाद बडागुढ़ा, दौलतपुर खेड़ा व सुब्बाखेड़ा गांवों के किसानों को प्रति किसान 3-3 बैग खाद वितरित की गई।
वर्जन
पैक्स में कुल 500 बैग खाद आई थी। पैक्स के अधीन 8 सेल प्वाइंट पड़ते हैं। हमने 12 हजार बैग की मांग ज रखी है। अन्य सेल प्वाइंटों इससे पूर्व एक-एक बार खाद आ चुकी थी। बडागुढ़ा में प्रथम बार खाद आई है। - सुरजीत सिंह, पैक्स प्रबंधक।