संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। 2 अक्तूबर की रात अज्ञात चोरों ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला धनुर को निशाना बनाया। चोरों ने रसोईघर का दरवाजा तोड़कर गैस सिलिंडर, काफी मात्रा में गेहूं और कई बर्तन चोरी कर लिए।
घटना का पता चलने पर पाठशाला के मुख्य शिक्षक जगदीश ने रानियां थाना पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने अज्ञात चोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मुख्य शिक्षक ने बताया कि विभाग ने पाठशाला में कोई चौकीदार नियुक्त नहीं किया है।
इसी कारण रात के समय स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित रहती है। उन्होंने पुलिस से चोरी की जांच कर सामान बरामद करने को कहा। साथ ही, आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
जांच अधिकारी रामकुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है।