सोया हुआ था परिवार, रात 12 बजे के बाद मकान में घुसे थे चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव बुर्ज भंगू में एक मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकदी चोरी हो गई। यह घटना 12 नवंबर की रात को हुई जब परिवार ऊपरी मंजिल पर सोया हुआ था।
सदर थाना पुलिस ने मकान मालिक सुग्रीव की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुग्रीव ने पुलिस को बताया कि वह 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे अपने बच्चों के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर सो गया था।
उसका भाई कर्ण बाहर वाले कमरे में था। भाई की पत्नी शकीला भी अपने बच्चों के साथ अंदर वाले कमरे में सोई हुई थी। रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोर घर में घुस आए।
सुबह तीन बजे चोरी का पता चला
चोरों ने कमरों में रखी अलमारी और संदूक के ताले तोड़ दिए। सुबह करीब तीन बजे उठने पर सुग्रीव को चोरी का पता चला। चोरों ने अलमारी और संदूक से तीन तोला सोना, 53 तोले चांदी चुरा ली। इसके साथ ही डेढ़ लाख रुपये की नकदी और कुछ जरूरी कागजात भी गायब थे। जांच अधिकारी दीपा रानी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने जल्द ही अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।