संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर के वार्ड नंबर 20 स्थित बठिंडा रोड की गली नंबर 1 में दिन-दहाड़े चोरी की वारदात हुई। चोरों ने एक बैंक अधिकारी के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी चुरा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित हरजिंदर सिंह ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक की पक्का कलां शाखा में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वार्ड नंबर 20 में राजकुमार के मकान में किराए पर रहते है। शुक्रवार को वह अपने परिवार के साथ पंजाब के कोटगुरु में अपनी चचेरी बहन से मिलने गए थे। शाम के समय पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके कमरे का दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के साथ तुरंत वापस घर पहुंचे। घर पहुंचकर देखा कि मुख्य गेट का ताला तो लगा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले तोड़े हुए थे।
जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारी से सोने की चेन, सोने की अंगूठी, सोने के टोपस और 20 हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गए। वहीं, घर की दीवार कूदकर आए चोरों ने मकान मालिक के हिस्से में भी तोड़-फोड़ की। बदमाशों ने खिड़की तोड़कर घर में घुसकर अलमारियों की तलाशी ली। हालांकि, उन्हें वहां पर कुछ हाथ नहीं लगा।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी देवीलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालनी शुरू कर दी ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।