फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: खाली कुर्सियों में गुम हुई ग्रामसभा की आवाज, 9 हजार मतदाताओं वाले गांव में पहुंचे महज 12 लोग, कोरम पूरा न होने पर 11वीं बार बैठक स्थगित

Thu, 24 Sep 2026 08:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
रोड़ी में ग्राम सभा की बैठक में खाली पड़ी कुर्सियां। 
विज्ञापन
रोड़ी। गांव रोड़ी में वीरवार को आयोजित ग्रामसभा की बैठक एक बार फिर आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण स्थगित करनी पड़ी। राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल में सुबह 10 बजे बैठक बुलाई गई थी। पंचायत स्तर के विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों और फैमिली आईडी में दर्ज आय सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा प्रस्तावित थी। ग्रामीणों की बेहद कम उपस्थिति के कारण बैठक की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी।
विज्ञापन

गांव में करीब 9 हजार मतदाता हैं। निर्धारित नियमों के अनुसार ग्रामसभा के लिए आवश्यक संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति जरूरी है। इसके विपरीत बैठक में महज 12 लोग पहुंचे। इनमें सरपंच, ग्राम सचिव, 6 सफाईकर्मी, दो पंच, एक पूर्व नंबरदार और दो अन्य ग्रामीण शामिल रहे। कोरम पूरा नहीं होने पर अधिकारियों को बैठक स्थगित करनी पड़ी।
पंचायत ने बैठक को लेकर पहले से तैयारियां की थीं। ग्रामीणों के बैठने के लिए करीब 400 कुर्सियां मंगवाई गई थीं। बैठक स्थल पर अधिकांश कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। ग्रामीणों की इतनी कम भागीदारी से ग्रामसभा में आमजन की रुचि और सहभागिता पर सवाल खड़े हुए हैं।
विज्ञापन

ग्रामसभा गांव के विकास कार्यों की समीक्षा, नई योजनाओं पर विचार-विमर्श और पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता का महत्वपूर्ण मंच है। ग्रामीणों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक चर्चा भी इसी माध्यम से होती है। लगातार बैठकें स्थगित होने से इन विषयों पर अपेक्षित चर्चा नहीं हो पा रही है।
पंचायत स्तर पर लोगों को ग्रामसभा के महत्व के प्रति जागरूक करने और उनकी भागीदारी बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। इससे पहले 16 अगस्त को आयोजित 10वीं ग्रामसभा भी पर्याप्त संख्या में ग्रामीणों के नहीं पहुंचने के कारण रद्द हो गई थी। अब 11वीं बार बैठक स्थगित हुई है।
2 अक्तूबर को होगी अगली ग्रामसभा
ग्राम सचिव विष्णु वर्मा ने बताया कि आवश्यक संख्या पूरी नहीं होने के कारण ग्रामसभा स्थगित की गई है। अब अगली बैठक 2 अक्तूबर को होगी। उन्होंने बताया कि इस बैठक में गांव के कुल मतदाताओं में से कम से कम 30 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। बैठक में मुख्य रूप से फैमिली आईडी में दर्ज आय से संबंधित समस्याओं और अन्य दिक्कतों के समाधान पर चर्चा की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें