सिरसा। हमारा शौचालय-हमारा भविष्य अभियान के तहत ग्रामीणों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाएगा। यह अभियान 10 दिसंबर तक चलाया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला परिषद के सीईओ डाॅ. सुभाष चंद्र ने वीरवार को स्थानीय पंचायत भवन में अभियान की गतिविधियों के बारे में जानकारी देने के लिए सरपंचों व विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की।
सीईओ डाॅ. सुभाष चंद्र ने कहा कि यह अभियान 10 दिसंबर मानव अधिकार दिवस तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए लोगों को जागरूक करना और गांव-गांव बैठकों के माध्यम से शौचालय उपयोग व रखरखाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सभी गांवों में जल एवं स्वच्छता समितियों की विशेष बैठकें भी आयोजित की जाएगी।
अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। व्यक्तिगत व पारिवारिक शौचालय प्रतियोगिता के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र में सबसे सुंदर व स्वच्छ दो शौचालयों को चयनित कर खंड कार्यालय को भेजेगी। खंड स्तर पर अवलोकन के बाद तीन श्रेष्ठ शौचालयों का चयन कर जिला स्तर पर भेजा जाएगा।
जिला स्तर पर प्राप्त प्रविष्टियों में से पांच श्रेष्ठ व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालयों को सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार सामुदायिक शौचालय प्रतियोगिता में प्रत्येक खंड की ओर से दो सुंदर एवं बेहतर सामुदायिक शौचालयों का चयन कर जिला स्तर को भेजा जाएगा। जिले में सर्वोत्तम तीन सामुदायिक शौचालयों वाली ग्राम पंचायतों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सभी ग्राम पंचायतें, जनप्रतिनिधि, युवा व नागरिक इस अभियान और प्रतियोगिता में बढ़ चढ़कर भाग लें। इस मौके पर बीडीपीओ सिद्धार्थ स्टालिन सचदेवा, सार्थक श्रीवास्तव, डीपीएम सुखविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।