सिरसा। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की सिरसा डिपो की कार्यकारिणी बैठक डिपो प्रधान सुरजीत अरोड़ा की अध्यक्षता में यूनियन कार्यालय में संपन्न हुई। इसमें सिरसा डिपो की तालमेल कमेटी के सभी सदस्याें ने भाग लिया। कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बैठक को संबोधित करते हुए सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदन लाल खोथ ने कहा कि हरियाणा रोडवेज की महानिदेशक अनिता यादव के तुगलकी फरमान कि कर्मशाला के कर्मचारियों का एसीपी स्केल वापस लेने तथा चालकों व परिचालकाें को सातवें वेतन आयोग का एरियर जनवरी-2016 से न देने के विरोध में प्रदेश कमेटी के आह्वान पर कल 14 दिसंबर को सिरसा डिपो के कर्मचारियाें द्वारा प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक दो घंटे की काम-रोको हड़ताल की जाएगी तथा इस फैसले के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला प्रधान ने कहा कि यदि इसके बाद भी सरकार नहीं जागी तो 29 दिसंबर को पानीपत स्थित परिवहन मंत्री के निवास स्थान का घेराव किया जाएगा जिसकी सारी जिम्मेवारी विभाग की होगी। जिला प्रधान ने सिरसा जिले के यात्रियाें से सहयोग की अपील करते हुए उन्हें हुए कष्ट के लिए भी खेद जताया। बैठक में डिपो प्रधान रामकुमार चुरनियां, भीम सिंह चक्कां, लक्ष्मण दास, भारत भूषण बड़ोदिया, रामकुमार खारियां, सरदीश जांगु, देवीलाल, पृथ्वी सिंह चौहान राजकुमार बैनीवाल व शमशेर सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।