the sarpanch again put his photo at the reception
- फोटो : Sirsa
गांव बप्पां में ग्राम पंचायत द्वारा स्वागत द्वारों पर सरपंच प्रतिनिधि की लगी फोटो फिर से चर्चा में आ गई है। जिसके बाद अधिकारियों ने सरपंच से बात की तो सरपंच ने इसे हटाकर उस जगह पर रंग करवा देने का आश्वासन दिया। गौरतलब हो कि बप्पां में पंचायत की ओर से ढाबां व नेजाडेला रोड पर लगाए गए दो स्वागत द्वारों पर शहीद भगत सिंह व गुरुनानक देव की फोटो लगाकर उनकी दूसरी ओर सरपंच प्रतिनिधि अनूपचंद सरावता की फोटो लगाई गई थी। जबकि सरपंच बिमला सरावता का सिर्फ नाम लिखकर औपचारिकता निभाई गई थी। लोगों की चर्चा के बाद मामला जब मीडिया में आया तो अधिकारियों ने सरपंच से जवाब मांगा। जिसके बाद सरपंच प्रतिनिधि ने आनन-फानन में अपनी फोटो उतारकर उसकी जगह बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का स्लोगन लगवा दिया गया था। इस समय ये स्लोगन हटा दिए गए और प्रतिनिधि की फोटो फिर से चमकने लगी है। वहीं सरपंच प्रतिनिधि अनूपचंद सरावता ने सफाई देेते हुए कहा कि उन्होंने तो पहले अपनी फोटो पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के स्लोगन लगवाए थे। लेकिन अब किसी ने शरारतवश ये स्लोगन उखाड़ दिए होंगे। उन्होंने कहा कि वे उक्त जगह पर रंग करवा देंगे।
सरपंच की जगह प्रतिनिधि द्वारा अपनी फोटो या अन्य कोई पंचायती कार्य करना विभागीय नियमों में नहीं है। मामला पहले मीडिया में आने के बाद हमने प्रतिनिधि को कहा था। तो उन्होंने अपनी फोटो हटवा दी थी। हमने प्रतिनिधि को उक्त जगह पर रंग करवाने के लिए कहा है। अगर ऐसा नहीं किया गया तो उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा।
-नंदलाल, एसईपीओ (बडागुढ़ा)।