सिरसा। नागरिक अस्पताल के बच्चा वार्ड में भरा पानी और उपचाराधीन मरीज। संवाद
सिरसा। जिले में रविवार देर रात से सोमवार तक हुई लगातार बारिश ने स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खोल कर रख दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से करोड़ों की लागत से नागरिक अस्पताल में पुर्ननिर्माण कार्य करवाया था। बारिश से अस्पताल के दोनों फ्लोर के कमरों से लेकर ओपीडी कक्ष तक में दिनभर छतें टपकती रहीं। बारिश का पानी फर्श पर पड़ने से दिनभर अस्पताल में फिसलन बनी रही और मरीजों व परिजनों को गिरने का भय बना रहा। अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थित निकू वार्ड वार्ड में भी बारिश पानी भर गया। वार्ड की गैलरी सहित कमरों में छतों के टपकता नजर आया।
दवा काउंटर सहित अस्पताल में सेवाएं हुईं प्रभावित
अस्पताल में बारिश के कारण दवा काउंटर सहित ओपीडी कक्ष, सैंपल कक्ष, पर्ची काउंटर प्रभावित रहे हैं। अस्पताल में छतों के टपकने से दवा काउंटर में दवाइयां भीगने से दवाओं को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करना पड़ा। ओपीडी कक्ष में पानी टपकने से डर का आलम बना रहा। चिकित्सकों सहित मरीजों को परेशानी हुई
-
तीन दिन से लिफ्ट पड़ी बंद
नागरिक अस्पताल में ग्राउंड फ्लोर पर लगी लिफ्ट भी बारिश के कारण बीते तीन दिन से बंद पड़ी है। बता दें कि 40 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट लगवाई गई थी , जो बारिश का पानी भरने से तीन माह से खराब पड़ी है। वहीं, करीब एक सप्ताह पहले ही लिफ्ट को ठीक करने का काम किया गया था। बारिश में लिफ्ट दोबारा खराब न हो जाए, इसलिए लिफ्ट कर बंद कर दी गई। बारिश के मौसम में पानी आदि भरने या करंट आने से किसी को कोई जानमाल का नुकसान न होने पाए।
सीवरेज ओवरफ्लो से अस्पताल में भरा पानी
बारिश के कारण नागरिक अस्पताल में परिसर में सीवरेज ऑवर फ्लो होने से परिसर में पानी भरा रहा। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पानी की निकासी के लिए कर्मचारियों की डयूटियां लगाई गई हैं। कर्मचारी दिनभर पानी निकालते नजर आए।