डबवाली। हरियाणा में लगातार हो रही बारिश अब किसानों के लिए संकट बनकर सामने आ रही है। सिरसा जिले के डबवाली उपमंडल के गांव रत्ता खेड़ा के पास स्थित राजपुरा नहर रविवार सुबह टूट गई, जिससे आसपास के खेतों में पानी घुस गया और लगभग 100 एकड़ में खड़ी धान और कपास की फसल जलमग्न हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे नहर में पहले हल्का कटाव शुरू हुआ और फिर धीरे-धीरे पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि नहर का एक हिस्सा टूट गया। देखते ही देखते खेतों में पानी भर गया। किसानों ने समय रहते नहरी विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और कई घंटों की मेहनत के बाद पानी के बहाव को नियंत्रित किया गया।