रानियां। छत गिरे मकान व टूटे सामान की तस्वीर। संवाद
रानियां। गांव चक्कां में भारी बारिश के चलते एक मजदूर परिवार के मकान के दोनों कमरों की छत गिर गई। गनीमत रही कि जिस समय छत गिरी उस समय कमरे में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। मकान मालिक सही राम ने बताया कि वह दिव्यांग हैं और मजदूरी करते हैं। उनके पास रहने के लिए सिर्फ दो ही कमरे थे।
एक कमरे में घरेलू सामान व एक में रसोई का सामान रखा था। मकान में रखी दो चारपाई, एक बेड, दो संदूक-पेटी, दो पंखे, बिस्तर, कुर्सी सहित अन्य जरूरी सामान टूट गया। वहीं अनाज भी खराब हो गया। पीड़ित सही राम ने बताया कि जिस समय छत गिरी उस समय उनकी बेटी ससुराल जाने के लिए उसी मकान में तैयार हो रही थी और उनके साथ उनका छोटा दोहता व पत्नी भी मौजूद थे।
जैसे ही वे सभी मकान से बाहर निकल कर आंगन में पहुंचे दोनों कमरों की छत अचानक से गिर गई। गनीमत रही कि परिवार के किसी सदस्य को कोई चोट नहीं लगी। पीड़ित परिवार के पास इस समय बैठने के लिए कोई जगह नहीं है और अब परिवार के सदस्य खुले आंगन में तिरपाल के नीचे अपना समय बिता रहे हैं। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन व सरकार से अपील की है कि उसे बैठने के लिए मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाए ताकि वे दोबारा से मकान तैयार कर अपना जीवन यापन कर सकें।