सिरसा। शहर के वार्ड नंबर 20 स्थित गली थानेदार वाली में कनेक्शन उखाड़ा हुआ। वार्डवासी
सिरसा। शहर के वार्ड 20 स्थित गली थानेदार वाली के लोग पिछले करीब डेढ़ माह से सीवरेज युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। गली निवासी रोहित शर्मा, अंजनी गोयल, संदीप, रामजी गोयल, सन्नी गोयल, कुलदीप गोयल, नरेश गोयल ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ माह से उनके पेयजल कनेक्शन में सीवरेज का पानी मिक्स होकर आ रहा है, जिससे काफी लोग बीमार भी पड़ चुके हैं।
उन्होंने बताया कि समस्या के बारे में अनेक बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन किसी ने भी समस्या की ओर गौर करना उचित नहीं समझा। गली निवासियों ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों की ओर से बार-बार संपर्क करने के बाद भी आश्वासन ही दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व विभाग के अधिकारी किसी अनहोनी के बाद ही समस्या के प्रति गौर कर रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या की ओर गौर न करने से यही प्रतीत हो रहा है कि अधिकारी किसी घटना का इंतजार कर रहे हों। गली निवासियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि सीवरेज युक्त पानी से अगर कोई महामारी फैलती है तो उसके लिए संबंधित विभाग के अधिकार ही जिम्मेदार होंगे।