कांग्रेस ने बुधवार दोपहर तक अपने प्रत्याशी घोषित भी नहीं किए और इससे पहले ही घमासान भी शुरू हो गया।
जहां नवीन केडिया समर्थकों ने टिकट मिलने की आस में लड्डू बांटे वहीं ऐलनाबाद के पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल ने विरोध जताया।
उन्होंने कहा कि अगर उन्हें टिकट नहीं मिलता तो वे सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का विरोध करेंगे।
अगर उन्हें टिकट नहीं मिलता तो वे शीघ्र ही अगला फैसला करेंगे और अपनी रणनीति कार्यकर्ताओं से साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन्हें टिकट नहीं देती तो वे नौ विधानसभा सीटों पर तंवर की खिलाफत कर अपनी ताकत का अहसास करवाएंगे।
बेगू रोड स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि उनकी लड़ाई कांग्रेस से नहीं, बल्कि प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर से है।
उन्होंने तंवर को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तंवर अपनी लोकप्रियता पर इतना ही भरोसा रखते हैं तो वे खुद या अपनी पत्नी को उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतारें।
बैनीवाल ने कहा कि यह फैसला जनता करेगी कि जनता में किसकी पकड़ है। भरत सिंह बैनीवाल ने स्पष्ट किया कि वह न तो किसी पार्टी में शामिल होंगे और न ही किसी अन्य उम्मीदवार को समर्थन देंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐलनाबाद से उन्हें छोड़कर किसी को मैदान में उतारती है तो उसकी जमानत जब्त होगी।
नवीन केडिया समर्थकों ने बांटे लड्डू
कांग्रेसी नेता नवीन केडिया का नाम मंगलवार को सिरसा से बतौर पार्टी उम्मीदवार उभरते ही उनके समर्थकों में खुशी और जोश की लहर दौड़ गई।
उन्होंने जगह-जगह लड्डू बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। बुधवार शाम तक कांग्रेस ने अपनी सूची जारी नहीं की थी और इससे पहले ही सूत्रों के हवाले से खबर लेकर केडिया के समर्थकों ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया।
युवा नेता नरेश बजाज और राजू मकानी की अगुवाई में सैकड़ों युवाओं ने नगर में स्थान-स्थान पर लड्डू बांटे और आतिशबाजी की।
इस अवसर पर दिनेश सिंगला, अशोक ग्रोवर, परमानंद कक्कड़, बंसी लाल ग्रोवर, हरीश अरोड़ा, चंदन नागपाल, धर्मवीर मोंगा, भीम चौहान, अशोक कक्कड़, अनिल बजाज आदि उपस्थित थे।