भिवानी में रविदास जयंती पर लोगो को संबोधित करते उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला।
बवानीखेड़ा। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को कस्बा बवानीखेड़ा में गुरु रविदास मंदिर में आयोजित संत रविदास जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। उन्हाेंने कहा कि संत गुरु रविदास ने 500 साल पहले ही समाज से किसी भी प्रकार के भेदभाव को मिटाने का संदेश दिया और समाज को एकरूपता में पिरोने का काम किया। वे अंधविश्वास और आडंबर के घोर विरोधी थे। युवा पीढ़ी को संत-महापुरुषों की विचारधारा पर चलने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महान संत थे। वे कर्म करने में विश्वास रखते थे। उनके अनुसार इंसान का मन पवित्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब वर्ग के लिए कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। जन कल्याणकारी नीतियां लागू करने के साथ सरकार ने बजट में एससी और बीसी की चौपालों के जीर्णोद्धार के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी कारण गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी खोली जा रही हैं। प्रदेश में करीब 1,500 पुस्तकालय खोले जा चुके हैं।
उन्होंने मंदिर कमेटी से कहा कि वे मंदिर परिसर में चल रहे पुस्तकालय को उच्चीकरण करने और छात्रावास निर्माण का आगणन बनाकर भेजें, ताकि उसको अमलीजामा पहनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री चौटाला का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जजपा के प्रदेश संगठन सचिव विजय गोठड़ा, जिलाध्यक्ष जोगेंद्र बागनवाला, राजबीर तालू, पंकज महता, ओमप्रकाश, धर्मपाल, शंकर आहुजा आदि मौजूद रहे।