सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की दो सदस्यीय टीम ने नेशनल वायरल हेपेटाइटिस प्रोग्राम के तहत निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में हेपेटाइटिस बी और सी के मरीजों के उपचार, ओपीडी सुविधा, सैंपलिंग प्रक्रिया और रेफरल सिस्टम सहित संपूर्ण प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया।
करीब सुबह 10 बजे पहुंची टीम ने लगभग चार घंटे तक विभिन्न विभागों में जाकर रिकॉर्ड व व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण टीम में वरिष्ठ सलाहकार डॉ. शुभाज्योति-डे और कंसल्टेंट डॉ. नरोतम शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान नागरिक अस्पताल के एनसीडी विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. विपुल गुप्ता, नर्सिंग स्टाफ और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
टीम ने हेपेटाइटिस मरीजों की ट्रैकिंग व्यवस्था, ओपीडी प्रक्रिया, सैंपलिंग से लेकर उपचार और रेफरल सिस्टम की पूरी जानकारी जुटाई। निरीक्षण के दौरान पता चला कि अस्पताल में अब तक हेपेटाइटिस बी के 76 और हेपेटाइटिस सी के 149 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने मरीजों की निगरानी प्रणाली और रिकॉर्ड मैनेजमेंट को लेकर विस्तृत समीक्षा की और कई दस्तावेजों का अवलोकन किया।
टीम ने अस्पताल के एनसीडी विभाग, आईसीटीसी सेंटर, लैब, ब्लड बैंक, डायलिसिस सेंटर, पीसीआर लैब, ओएसटी सेंटर और एआरटी सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि कुछ स्थानों पर सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए।
निरीक्षण टीम द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट मंत्रालय के मुख्यालय को भेजी जाएगी। टीम का कहना है कि अस्पताल में हेपेटाइटिस से संबंधित सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहने चाहिए, ताकि मरीजों को सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
-स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने हेपेटाइटिस प्रोग्राम के अंतर्गत अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। सभी विभागों में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं और कुछ सुधारात्मक सुझाव दिए गए हैं।- डॉ. विपुल गुप्ता, नोडल अधिकारी, एनसीडी विभाग, नागरिक अस्पताल सिरसा।