सरपंच पर आरोप लगाता ग्रामीण हरदेव सिंह।
रोड़ी। पटवार भवन में पंचायत कार्यालय में शुक्रवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत सिरसा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। इसमें ग्रामीणों ने गांव में सफाई न होने के कारण फैली गंदगी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
इस पर कार्यकारी अधिकारी ने एबीपीओ बडागुढ़ा को सभी मनरेगा मजदूरों सफाई करवाने के के निर्देश जारी किए। उन्होंने ग्रामीणों से भी इस कार्य में सहयोग करने की अपील की। मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुभाष चंद्र ने कहा कि 27 दिसंबर से हम गांव में एक स्वच्छता अभियान का आयोजन करेंगे। इसमें हर ग्रामीण के सहयोग के साथ गांव में जगह-जगह पर लगे गंदगी के ढेर उठाए जाएंगे और गलियों में साफ करेंगे।
सुलभ शौचालय के ऊपर लिखा जाएगा सफाईकर्मी का नाम
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड, मुख्य बाजार व अन्य जगहों पर बनाए गए सुलभ शौचालयों में सफाई का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसमें हर एक सुलभ शौचालय के ऊपर उसकी सफाई करने वाले सफाईकर्मी का नाम लिखा जाएगा। अगर उस सुलभ शौचालय में गंदगी दिखाई दे, तो ग्रामीण उस सफाई कर्मचारी को सूचित कर सकें। सुलभ शौचालयों की देखरेख करने के लिए उपयोग में आने वाला सामान पंचायत के फंड से मुहैया करवाया जाएगा।
सरपंच बोला- मैं गरीब हूं, लोग लगा रहे आरटीआई
गांव रोड़ी के सरपंच दर्शन सिंह ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा कि मैं एक गरीब व्यक्ति हूं। मैं लगातार गांव में पंचायत की ओर से कार्य करवा रहा हूं, लेकिन कुछ लोग लगातार मेरे ऊपर आरटीआई लगा रहे हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो मैं गांव में कोई भी पंचायती काम नहीं करवा सकता।
ग्रामीण बोला- सरपंच ने किया सरकारी पैसा बर्बाद
ग्रामीण हरदेव सिंह ने सरपंच पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरपंच ने बस स्टैंड के लिए सुरतिया रोड पर स्थित रंगा रजवाहा माईनर पर क्यू शेड लगाया गया था। इस पर लाखों का खर्च आया था। कुछ ही समय बाद दूसरे विभाग ने उसे शेड को उखाड़ दिया गया, उस शेड पर आए खर्च की भरपाई कौन करेगा। सरकारी पैसे को बर्बाद किया गया है।