संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद बरसाती लाइन की लापरवाही आमजन पर भारी पड़ी। जिन जगहों पर बरसाती पाइप डालने के बाद सिर्फ मिट्टी भरकर खानापूर्ति की गई थी, वहां 30 मिनट की बारिश ने लापरवाही की पोल खोल दी।
बिश्नोई मार्केट रोड से लेकर अनाज मंडी तक के मार्ग पर ट्रक, कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली धंस गईं। कई वाहन पलट गए, हालांकि किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। हिसार रोड पर बरसाती लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। लाइन बिछाने के बाद एजेंसी के कर्मचारियों ने पाइपों के ऊपर मिट्टी डाल दी। शुक्रवार को हुई बारिश में जब जलभराव हुआ तो मिट्टी धंस गई। इससे जहां एक ट्रक के धंसने के कारण दोनों टायर पेंचर हो गए, वहीं कार भी उसमें धंस गई। दोनों को क्रेन से बाहर निकालना पड़ा।
कुछ ऐसे ही हालात एडिशनल अनाजमंडी में देखने को मिली। जहां पर बरसाती लाइन बिछाने का कार्य नगर परिषद कर रहा है। यहां भी 600 एमएम पाइप बिछाकर उसके ऊपर मिट्टी डाल कर लीपापोती की गई। सुबह जब किसान ट्रैक्टर ट्राली लेकर आए तो वह उसमें धंस गई। इस कारण ट्राली पलट गई और उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। आर्यसमाज रोड पर सड़क के बीचों बीच एक सीवरेज का ढक्कन धंस गया और गड्ढा हो गया। दुकानदारों ने सुरक्षा को देखते हुए उसके आसपास कुर्सियां लगा दी ताकि आने जाने वाले किसी के साथ कोई हादसा न हो जाए।
फसली सीजन में काम की आई याद
मंडी में फसल लेकर आए किसान रामस्वरूप व प्रेमचंद ने बताया कि मंडी में टूटी सड़क में ट्रैक्टर के धंसने से काफी नुकसान हुआ है। फसली सीजन में किसान के पास समय की कमी होती है। अब ट्रैक्टर धंस गया है और इसे निकालने में समय बर्बाद हुआ है। सीजन के चलते पाइप लाइन डालने का काम नहीं करना चाहिए था ताकि जिससे किसानों को फसल लाने में परेशानी हो। इसका समाधान होना चाहिए।
-
कोट्स
मंडी में सड़कों में वाहन धंसने से किसानों का नुकसान हुआ है। इसको लेकर नगर परिषद के उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा। - विरेंद्र कुमार, सचिव मार्केट कमेटी सिरसा।
:::::::::::::::::::::::::::::
मंडी में किसानों को सड़क में वाहनों के धंसने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आढ़ती एसोसिएशन की ओर से मार्केट कमेटी ओर नगर परिषद को दो दिन का समय दिया है, समाधान नहीं हुआ तो सख्त निर्णय लिया जाएगा। - राजू सुधा, उप प्रधान , अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन सिरसा।