सिरसा। जिले में उमस भरी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं। शनिवार को बादलों की आवाजाही के बीच तल्ख धूप से लोग बेहाल रहे। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री रहा। वहीं,बड़ागुढ़ा क्षेत्र में बूंदाबांदी ने ग्रामीणों को गर्मी से कुछ राहत दिलाई, लेकिन उमस ने बुरा हाल कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों के दौरान जिले में बारिश वर्षा तो कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद ही तापमान में गिरावट आने, उमस व गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। उमस भरी गर्मी का असर लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर दिखाई दे रहा है। दिन में बाजारों में बहुत कम ग्राहक आ रहे हैं। शाम के बाद ही बाजारों में भीड़ दिखाई देती है।
उधर, तापमान में आ रहे उतार-चढ़ाव व हवाओं में नमी की मात्रा बढ़ने के चलते इन दिनों निजी व सरकारी अस्पतालों में मौसम से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इनमें जुकाम, बुखार, वायरल के अलावा पेट से जुड़ी बीमारियों के मरीज अधिक संख्या में बताए जा रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में जहां पिछले दिनों तक ओपीडी में रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या करीब 800 रहती थी वह बढ़कर एक हजार से अधिक पहुंच चुकी है।
इसी प्रकार के हालात शहर के निजी अस्पतालों में भी दिखाई दे रहे हैं। चिकित्सक लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानियां बरतने, साफ सफाई रखने, घरों व आसपास पानी जमा न होने देने और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं।
नौ जुलाई को तेज बारिश होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, नौ जुलाई को जिले में तेज बारिश होने के आसार हैं। इससे पहले हल्की बारिश व बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी। आठ जुलाई तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आसपास रहेगा। इससे वातावरण में उमस व गर्मी का लोगों को सामना करना पड़ेगा।