छात्र संगठन इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां फिल्म के आधार पर काली कमाई को सफेद करने का प्रयास कर रहे हैं।
साथ ही उन्होंने कहा कि डेरा के खिलाफ प्रजातांत्रिक तरीके से आवाज उठाने के चलते उन्हें सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
इस बारे में वे पहले ही गुडगांव पुलिस से शिकायत कर चुके हैं। वे मंगलवार को चौटाला हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जान से मारने की धमकी के मामले में वे शीघ्र ही पुलिस प्रशासन के पास जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा कहा जा रहा है कि चौटाला परिवार भी अकसर डेरा जाता रहा है मगर वे दावा कर सकते हैं कि चौटाला परिवार के किसी भी सदस्य ने कभी भी डेरा प्रमुख से राजनीतिक संरक्षण नहीं मांगा।
उन्होंने कहा कि अब से पूर्व ये माना जाता था कि जो भी डेरा प्रमुख के खिलाफ आवाज उठाता था, उसे किसी न किसी रूप में दबा दिया जाता था,
पर इनेलो किसी भी सूरत में जनभावनाओं के अनुरूप अपनी आवाज को दबने नहीं देगा और पलपल सरकार को डेरा प्रमुख की काली करतूतों और कुकर्मों के प्रति सजग करता रहेगा।
प्रीमियर शो के नाम पर कमाए 15.7 करोड़ रुपये
उन्होंने कहा कि डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख द्वारा अभिनीत फिल्म एमएसजी के प्रदर्शन को लेकर 11 जनवरी को गुड़गांव में करीब तीन लाख लोगों को प्रीमियर दिखाने का प्रयास किया गया।
अहम बात यह है कि इस प्रीमियर के लिए लोगों को दो हजार रुपये की टिकट बेची गई थी। उन्होंने कहा कि ये आश्चर्यजनक है कि ये टिकट किसी सिनेमाघर की ओर से नहीं बल्कि प्रोडक्शन कंपनी की ओर से बेचे गए थे।
इन टिकटों से करीब 15.7 करोड़ रुपये कमा लिए गए जबकि फिल्म रिलीज भी नहीं की गई। आखिर टिकटों के रूप में कमाए गए वे 15 करोड़ रुपयेकहां गए?
डेरा पर टैक्स चोरी का आरोप
उन्होंने कहा कि डेरा प्रमुख रूबरू नाइट्स के माध्यम से भी अरबों के वारे न्यारे किए हुए हैं जिनका हिसाब किताब किसी के पास नहीं है।
यह सीधे सीधे टैक्स चोरी का मामला है जो सरकार को दिखाई नहीं देता। उन्हाेंने कहा कि सामाजिक कार्य के लिए कोई टिकट नहीं होता। सच तो यह है कि ज्ञानी लेता नहीं देता है। उन्होंने कहा कि समाज में गंदगी फैला रहे इस प्रकार के सिस्टम को बदलना होगा।
हमारा पूरा परिवार जेल जाने को तैयार है
डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता के बयान कि जिसके दादा और पिता जेल में हो उससे कोई बात नहीं की जा सकती पर उन्होंने कहा कि उनके दादा और पिता ने 3206 गरीब परिवार के लोगों को नौकरी दी
अगर इस प्रकार के कार्य के लिए उनके पूरे परिवार को जेल जाना पड़ा तो वे जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब डेरा के लोग जेल जाएंगे तो उन पर रेप, धर्म परिवर्तन, युवाआें को नपुंसक बनाने के मामले होंगे।
तो डेरा में जाकर बाबा के समक्ष माथा टेकूंगा
उन्होंने कहा कि डेरा कहता है कि उसने स्वच्छ राजनीति के लिए भाजपा का साथ दिया है तो सरकार ने पिछले चार माह में कहां शराब बंदी की या इसके लिए कोई कदम उठाया, डेरा में 25 विधायक माथा टेककर गए थे उन्होंने क्या किया।
उन्होंने कहा कि गोवा में भाजपा की सरकार है अगर डेरा भाजपा सरकार पर दबाव बनाकर वहां कैसिनो बंद करवा दें तो वे डेरा सच्चा सौदा में जाकर बाबा के समक्ष माथा टेकेंगे।
उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह से हरियाणा के हैं और डेरा प्रमुख राजस्थानी हैं। ऐसे में हरियाणा पर उनका हक ज्यादा है और वे हरियाणा की भूमि पर हिंसा नहीं होने देंगे।
जब उनसे पूछा गया कि इनेलो ने पहले डेरा का कभी विरोध नहीं किया तो उन्होंने कहा कि अब तो किया जा रहा है।
दिल्ली चुनाव के बाद रिलीज होगी एमएसजी
उन्होंने कहा कि अब डेरा प्रमुख को असली चेहरा जनता के सामने लाना होगा। उन्होंने कहा कि अब समाज का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। सरकार को भी नींद से जाग जाना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली चुनाव के बाद ही डेरा प्रमुख की फिल्म रिलीज होगी क्योंकि इसके लिए भाजपा और डेरा के बीच डील हुई है, पहले भाजपा ने डील की थी अब डेरा भी राजनीतिक डील जान गया है।
उन्होंने कहा कि वे डेरा के घोटाले की शिकायत केंद्रीय वित्त मंत्री तक पहुंचा चुके हैं और सीएम विंडो पर भी दर्ज करवा चुके है अगर एक माह में जवाब नहीं मिला तो अदालत में जाएंगे।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सार्थक पहल
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने यह अच्छी शरुआत की है। चौ.देवीलाल ने वर्ष 1980 में इस प्रकार का कार्यक्रम लागू किया था।
उन्होंने कहा जो भी कार्यक्रम शुरू किया जाता है उसका परिणाम भी आना चाहिए। इस मौके पर इनेलो के जिलाध्यक्ष पदम जैन, इनेलो कार्यालय प्रभारी डॉ. हरिसिंह भारी, इनेलो जिला प्रेस प्रवक्ता तरसेम मिढा, इनसो के राष्ट्रीय सचिव योगेश शर्मा आदि मौजूद थे।