संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नगर परिषद की ओर से रानियां बाईपास स्थित ग्रीन बेल्ट में खुले मुख्य डंपिंग प्वाइंट को शेड व चहारदीवारी बनाकर कवर किया जाएगा। इससे बेसहारा पशुओं और बदबू भरे माहौल से लोगों को मुक्ति मिलेगी।
नागरिक अस्पताल के सामने नगर परिषद की ओर से मुख्य सेकेंडरी डंपिंग प्वाइंट बनाया गया है। इस डंपिंग प्वाइंट में कई ट्रक कचरा उठाकर निस्तारण के लिए बकरियांवाली प्लांट में भेजा जाता है। यहां पर कचरे को सेग्रीगेट किया जाता है। अधिकारियों की माने तो इस प्वाइंट को खत्म नहीं किया जा सकता है, क्याेंकि दूसरी ओर कोई जगह शहर के नजदीक नहीं गलती है। वहीं, दुर्गंध और गंदगी के परेशान जेजे कॉलोनी के लोग इस डंपिंग प्वाइंट को खत्म करने की मांग को लेकर विरोध कर चुके हैं। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारियों ने इस डंपिंग प्वाइंट का स्थायी समाधान निकालने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। इस डंपिंग प्वाइंट को एमआरएफ सेंटर की तरह बनाया जाएगा। इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। लोकसभा चुनाव के बाद प्रशासन की ओर टेंडर लगाकर इस दिशा में कार्य किया जाएगा।
इसलिए नहीं हटाया जा सकता डंपिंग प्वाइंट
अधिकारियों के तर्क अनुसार डंपिंग प्वाइंट को पूर्णतया खत्म करने का नुकसान भविष्य में परेशानी दे सकता है। किन्हीं कारणों से एजेंसी काम छोड़ती है या कर्मचारी हड़ताल पर होते हैं। ऐसी स्थिति में बकरियांवाली प्लांट तक बड़े स्तर पर कचरा पहुंचाना मुमकिन नहीं होता है। शहर के नजदीक होने की स्थिति में इस डंपिंग प्वाइंट तक कचरा आ सकता है। यहां से आसानी से उठान हो सकता है। इससे शहर में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होती है।
बॉक्स
यह होगा बदलाव
1 कचरा प्वाइंट के चारों ओर चहारदीवारी बनाई जाएगी।
2 कचरा प्वाइंट के अंदर ही रैक पीकर कचरा बिन सकेंगे। इससे कचरा चारों ओर नहीं फैलेगा।
3 शेड का निर्माण किया जाएगा, जिससे बारिश में कचरा न भीगे।
4 चार से पांच छोटी गाड़ियों और दो बड़ी गाड़ियों के आवागमन के हिसाब से व्यवस्था की जाएगी।
5 बेसहारा पशुओं का जमावड़ा नहीं लगेगा और चौकीदार की व्यवस्था रहेगी।
नागरिक अस्पताल के सामने के मुख्य सेकेंडरी डंपिंग प्वाइंट को आधुनिक रूप से तैयार किया जाएगा। खुले में कचरा होने पर लोगों को परेशानी आती है और बेसहारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। पूरा कवर्ड बनने के बाद कई समस्याओं का स्थाई समाधान हो जाएगा। - जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद