शीघ्र ही लोगों को घर बैठे शहर में हो रहे सभी विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी। नगर परिषद सिरसा के लोगों को सहूलियत देने की दिशा में यह कदम उठा रहा है। नगर परिषद अब अपनी खुद की वेेबसाइट बना रहा है, जिसमें शहर में हो रहे तमाम विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी।
इस वेबसाइट से यह भी पता लगाया जा सकेगा कि कौन सा विकास कार्य कितनी अवधि तक चलेगा और उस कार्य पर कितनी राशि नगर परिषद की ओर से खर्च की जा रही है। इस वेबसाइट पर नगर परिषद एक लाख 90 हजार रुपये खर्च कर रही है। दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी को वेबसाइट बनाने का ठेका दिया गया है। इसके अलावा लोगों को किसी प्रकार को समस्या आ रही है तो वे ऑनलाइन शिकायत भी वेबसाइट पर दर्ज करवा सकेंगे।
वेबसाइट के अंदर टेंडर के लिए अलग से कॉलम बनवाया जाएगा। इसमें कौन-कौन से कार्यों के टेंडर निकलने वाले हैं और कौन से कार्यों के टेंडर हो चुके हैं कि सारी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। लोग भी एक जगह पूरे नगर परिषद के कार्याें के टेंडर और कितने में टेंडर छूटा या कौन सा टेंडर रद्द हुआ, सारी जानकारी वेबसाइट के द्वारा हासिल कर सकते हैं।
वेबसाइट में प्रॉपर्टी टैक्स के बारे में भी पूरा अपडेट मिलेगा। यदि आपने प्रापर्टी टैक्स भर दिया है तो साथ कि साथ वह वेबसाइट पर चढ़ा दिया जाएगा। इसके बाद आप अपना हाउस नंबर डालकर अपनी प्रॉपर्टी टैक्स का अपडेट जान सकेंगे। अगर आपने प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा है तो कितना टैक्स आप पर पेंडिंग है। आप अब तक कितना टैक्स भर चुके हैं उसका सारा रिकॉर्ड ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
जिन लोगों को मैरिज सर्टीफिकेट, बर्थ सर्टिफिकेट, डेथ सर्टिफिकेट बनवाना है, वह नगर परिषद की वेबसाइट द्वारा अप्लाई कर सकते हैं और यदि लोगों ने अप्लाई कर दिया है तो उसकी जानकारी कि सर्टीफिकेट बना है या नहीं, इससे मिल सकेगी। साथ ही घर बैठे-बैठे आप सर्टिफिकेट बनवाने के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
नगर परिषद जल्द अपनी वेबसाइट बनवा रहा है। इससे प्रतिदिन अपडेट किया जाएगा। शहर में हो रहे विकास कार्यों उनका बजट सब ऑनलाइन किया जाएगा। जिससे लोग भी देख सकेंगे कि कौन से काम पर कितनी राशि खर्च हो रही है और काम कब तक चलेगा। इससे पारदर्शिता भी बनेगी। - बीएन भारती, ईओ, नगर परिषद