ओढां।आमरण अनशन पर बैठा किसान। संवाद
- फोटो : अमेठी रोडवेज बस में टूटा फर्स्ट एड बॉक्स और खाली सिलिंडर।
ओढां। गांव ओढां से नुहियांवाली जाने वाली सड़क पर किसान सुभाष जांगू पिछले तीन दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनका कहना है कि पिछले 30 वर्षों से मार्केटिंग बोर्ड ने उनकी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए रखा। अब जब भूमि का फैसला उसके हक में आ गया है तो विभाग ने उनके साथ लगती भूमि में से कच्चा रास्ता निकालकर काम चला दिया।
बुधवार को मार्केटिंग बोर्ड कालांवाली के एसडीओ लखबीर सिंह व जेई मौके पर पहुंचे और अनशन पर बैठे किसान व अन्य लोगों से बातचीत की। विभाग ने कच्चे रास्ते के कुछ हिस्से पर पत्थर डालकर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। एसडीओ ने कहा कि हमने इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। जो भी आगामी आदेश आएंगे उसी हिसाब से कार्य किया जाएगा।
फिलहाल लोगों को परेशानी न आए इसलिए कच्चे रास्ते पर पत्थर व मिट्टी डाली गई है। किसान का कहना है कि न तो विभाग ने उसके 30 वर्षों का कोई मुआवजा दिया और न ही भूमि को अधिग्रहण किया। उक्त कच्चे रास्ते की वजह से उसका बाग व साथ लगती फसलें भी खराब हो रही हैं।किसान ने आरोप लगाया कि मार्केटिंग बोर्ड ने एक तरफ तो नुहियांवाली व ओढां में रास्ता बंद होने के बोर्ड लगा रखे हैं तो वहीं दूसरी तरफ अवैध रूप से रास्ता भी निकाल रखा है। सुभाष ने कहा कि विभाग पक्की सड़क बनाने के लिए पहले भूमि अधिग्रहण करें। जब तक विभाग भूमि अधिग्रहण कर पक्की सड़क नहीं बनाता है तब तक उसका आमरण अनशन जारी रहेगा।